शाहजहांपुर: शंटिग करते समय पटरी से उतरी पैसेंजर ट्रेन, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फोटो- इंजन को पटरी पर लाने की कोशिश में जुटे रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी।

रोजा, अमृत विचार। अप यार्ड से मेन लाइन पर मंगलवार तड़के शंटिंग करते समय रोजा-बरेली पैसेंजर ट्रेन के इंजन के दो पहिये बेपटरी हो गए। इससे विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को पटरी पर लाया जा सका। फिलहाल इस घटना से रेल संचालन पर कोई फर्क नहीं पड़ा।

मंगलवार तड़के रोजा-बरेली पैसेंजर ट्रेन को रोजा के अप लाइन के यार्ड से मेन लाइन से प्लेटफार्म पर ले जाने के लिए शंटिंग की जा रही थी। तभी पावर केबिन के पास प्वाइंट नंबर 261 के पास इंजन के दो पहिये अचानक पटरी से उतर गए। पहियों के पटरी से उतरते ही ट्रेन के पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर घटना की जानकारी स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह व कंट्रोल रूम को दी।

सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह व इंजीनियर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पैसेंजर ट्रेन की बोगियों को अलग करके दूसरे इंजन से सभी बोगियों को पीछे खींचकर यार्ड में ले जाया गया। इसके बाद टीम ने इंजन के पहियों को पटरी पर लाने के प्रयास शुरू किए गए। करीब साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को पटरी पर लाया जा सका।

इस दौरान यार्ड में खड़ी मालगाड़ियां जहां की तहां खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक ने बताया रेल यातायात पर कोई असर नही पड़ा है। इंजन के पहिये कैसे पटरी से नीचे उतरे इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट मंडलीय अधिकारियों को भेजी जाएगी।

दूसरा इंजन लगाकर रवाना की गई ट्रेन
रोजा-बरेली पैसेंजर ट्रेन के इंजन के दो पहिये बेपटरी होने से रेल संचालन पर कोई फर्क नहीं पड़ा, लेकिन हादसे के बाद ट्रेन के डिब्बों को इंजन से अलग करके वापस यार्ड पर ले जाया गया और उसमें दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को करीब चार घंटे बाद बरेली के लिए रवाना किया गया। चार घंटे बाद ट्रेन के छूटने से दैनिक यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुरः संदिग्ध परिस्थितियों में बस चालक ने की आत्महत्या, वजह जुटाने में लगी पुलिस 

संबंधित समाचार