लखनऊ : बिजली कटौती पर बोले अखिलेश यादव, 2024 में जनता देगी जवाब
लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक बिजली कटौती हो रही है। सरकार बिजली की आपूर्ति नहीं कर पा रही है। बिजली कटौती से लोग परेशान है। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तो यहां तक कहा है कि सपा सरकार में बिजली उत्पादन के लिए जो प्लांट लगाने का काम कराया जा रहा था, वह बीजेपी सरकार ने होने नहीं दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तो यहां तक कहा कि अपने 6 साल के कार्यकाल में बीजेपी सरकार ने एक भी युनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया है। बीजेपी सरकार में विकास के कार्य सिर्फ कागजों में हो रहे हैं। जमीन पर कुछ भी हकीकत में दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र से लेकर प्रदेश तक में बीजेपी की सरकार है। उसके बावजूद उत्तर प्रदेश में बिजली का कोटा नहीं बढ़ाया गया है। बीजेपी सरकार में बिजली महंगी हुई है। जिसका खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि शहर में तो बिजली कटौती से लोग परेशान है,वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हालत बहुत ही खराब है। लखनऊ में बिजली की सप्लाई ठीक तरह से नहीं हो पा रही है। बीजेपी को जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। जनता बीजेपी को 2024 के लोकसभा चुनाव में जवाब देगी।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : ऊर्जा मंत्री का अधिकारियों को निर्देश, कहा- उपभोक्ताओं की शिकायतों तत्काल करें दूर
