संभल: ट्राली पर चढ़े मजदूर को लगा हाईटेंशन का करंट, हालत गंभीर
संभल, अमृत विचार। संभल कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में ईंटें उतारने के लिए ट्रैक्टर ट्राली में चढ़ा मजदूर हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर झुलस गया। आनन फानन में साथी मजदूरों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिछौली निवासी शादाब हुसैन मंगलवार की शाम चार बजे के आसपास चंदौसी संभल मार्ग पर गांव भवानीपुर के पास निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में ट्रैक्टर ट्राली से ईंटें उतारने गया था। हाईटेंशन लाइन के नीचे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली पर चढ़कर जैसे ही शादाब ईंटों के ऊपर खड़ा हुआ तो तार ढीले होने की वजह से वह हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगने से शादाब गंभीर रुप से झुलस गया। शादाब की चीख सुनकर पास खड़े मजदूरों को हादसे का पता चला। मजदूरों ने आनन फानन में बिजली घर फोन कर हाईटेंशन लाइन के करंट को बाधित कराया। इसके बाद मजदूर शादाब को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर शादाब को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें:- संभल: पढ़ाई के दौरान छह छात्राएं बेहोश, मचा हड़कंप
