संभल: पढ़ाई के दौरान छह छात्राएं बेहोश, मचा हड़कंप
निजी चिकित्सक को बुलायाकर कराया उपचार, एक छात्रा को सीएचसी में कराया भर्ती, घटना की सूचना मिलने पर विद्यालय दौड़े परिजन, छात्राओं की हालत में सुधार होने पर घर ले गए
संभल, चन्दौसी, अमृत विचार। गर्मी के मौसम में उमस चरम पर है। रामप्यारी आर्य कन्या इंटर कॉलेज की कक्षा 5,7,10 व 12 की छह छात्राएं अपनी कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान बेहोश हो गईं। इससे विद्यालय में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में छात्राओं के परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद निजी चिकित्सक को बुलाकर छात्राओं का उपचार कराया गया। जिसमें कक्षा पांच की छात्रा को एंबुलेंस से सीएचसी में भेजा गया। उपचार के बाद छात्रा को घर भेज दिया गया।
बरसात के बाद उमस भरी गर्मी से हर कोई परेशान है। पंखे में भी लोगों का पसीना नहीं सूख रहा है। शहर के रामप्यारी आर्य कन्या इंटर कॉलेज में सोमवार को उमस भरी गर्मी से कक्षा 12 का छात्रा निशा सागर पुत्री अजय पाल, कक्षा 10 की छात्रा गजाला बी पुत्री अख्तर हुसैन, खुशबू पुत्री राजेंद्र कुमार व कोमल पुत्री राजेश कुमार, कक्षा सात की छात्रा सोहाना पुत्री राजेश कुमार तथा कक्षा पांच की छात्रा कुमकुम अपनी कक्षाओं में बेहोश हो गईं। कुछ समय के अंतराल में छह छात्राओं के बेहोश होने पर विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना से विद्यालय की प्रधानाचार्य शशिवाला को अवगत कराया। इसके बाद निजी चिकित्सक को बुलाकर छात्राओं का उपचार शुरू कर दिया गया। छात्राओं के विद्यालय में बेहोश की सूचना उनके परिजनों को दी। जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन भी विद्यालय पहुंच गए। छात्राओं की हालत में सुधार होने पर पांच छात्राओं के परिजन उन्हें घर ले गए।
जबकि कक्षा पांच की छात्रा कुमकुम की हालत में सुधार नहीं होने पर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक के उपचार के बाद छात्रा की हालत में सुधार हुआ। विद्यालय में छह छात्राओं के बेहोश होने की घटना के बाद प्रधानाचार्य ने विद्यालय की छुट्टी कर दी। इसके बाद छात्राएं अपने-अपने घर चली गईं। चिकित्सक ने बताया कि उमस भरी गर्मी में छात्राओं को भूख लगनी कम हो जाती है। जिससे शरीर में कमजोरी हो जाती है और पानी की मात्रा भी कम हो जाती है। इससे बेहोश होने की अधिक संभावना बनी रहती है।
सोमवार की सुबह सभी छात्राएं विद्यालय पहुंची और अपनी-अपनी कक्षाओं में जाकर पढ़ाई करने लगीं। सुबह 11 बजे के बाद एक-एक कर छह छात्राएं बेहोश हो गईं। बताया कि कुछ छात्राओं का सोमवार का व्रत था। घटना के बाद निजी चिकित्सक को बुलाकर उपचार कराया गया। जिसमें एक छात्रा की हालत में सुधार नहीं होने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी छात्राएं स्वस्थ हैं। शशिबाला, प्रधानाचार्य, रामप्यारी आर्य कन्या इंटर कॉलेज
उमस भरी गर्मी में भूख लगनी बंद हो जाती है। इसकी जानकारी कुछ छात्राएं अपने परिजनों को नहीं देतीं। जिससे धीरे-धीरे शरीर में कमजोरी बढ़ जाती है। पानी की मात्रा भी कम हो जाती है। ऐसी स्थिति में बेहोश होने की संभावना अधिक हो जाती है। इस कारण विद्यालय में छात्राएं बेहोश हुई थीं। परिजनों को चाहिए कि वह घर में ताजी भोजन छात्राओं को दें। साथ ही अधिक से अधिक पानी का सेवन करने को कहें। जिससे शरीर में कमजोरी पैदा न हो सके। हरविंदर सिंह, प्रभारी, सीएचसी, चन्दौसी
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : स्थायी बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू, यात्रियों को राहत
