मुरादाबाद : स्थायी बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू, यात्रियों को राहत
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को दोपहर बाद रोडवेज बसों का संचालन पटरी पर लौट आया। स्थायी बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को राहत मिली है। कांवड़ यात्रा के कारण रविवार से रामपुर दोराहा और आजाद नगर में बने अस्थायी बस स्टैंड से रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा था। सात किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी और किराया खर्च कर यात्री अस्थायी स्टैंड तक पहुंच रहे थे।
कांवड़ यात्रा की वजह से रोडवेज बसों का संचालन अस्थायी बस स्टैंड से किया जाता है। जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। धामपुर की तरफ आने वाली बसों को तो पूरी तरह से ही रोक दिया गया था। इसके अलावा बरेली और रामपुर की तरफ जाने वाली बसों का संचालन बद कर दिया था। इस कारण रामपुर जाने के लिए डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
सोमवार की दोपहर तक रामपुर दोराहा और आजाद नगर में बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड से ही बसों का संचालन किया गया। सावन के तीसरे सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक के बाद दोपहर बाद रोडवेज बसों को स्थायी बस स्टैंड पीतल नगरी व मुरादाबाद डिपो से संचालित किया गया। इससे यात्रियों को काफी राहत मिली।
अस्थायी बस स्टैंड पर जाने के लिए यात्रियों को अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ रहा था। एआरएम प्रेम सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा की वजह से बसों का संचालन अस्थायी बस स्टैंड से किया जा रहा है, लेकिन सोमवार की दोपहर से बसों को फिर से स्थायी बस स्टैंड से ही संचालित किया जा रहा है। अब धामपुर, बरेली और रामपुर के लिए भी बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को राहत मिली है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: एआईएमआईएम का मणिपुर की घटना के विरोध में प्रदर्शन, एडीएम सिटी को सौंपा ज्ञापन
