बरेली: सिटी पोस्ट ऑफिस के पास बाइक सवार को मिक्सर ने मारी टक्कर
रिश्तेदार के पोस्टमार्टम के बाद सैंपल रखने के लिए लेने गया था डिब्बी
बरेली, अमृत विचार। सिटी पोस्ट ऑफिस के पास पुल निर्माण में लगे मिक्सर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के दुकानदारों ने बाइक सवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गुस्साए लोगों ने मिक्सर के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत किया। कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मिक्सर को कब्जे में ले लिया है।
सिठौरा, सुभाषनगर निवासी देवेश चौधरी (41) ने बताया कि उनके बहनोई श्याम की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। उनका मंगलवार को पोस्टमार्टम हो रहा था। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद डॉक्टरों ने सैंपल रखने के लिए नौ डिब्बी लाने को कहा। वह अपने दूसरे बहनोई रॉकी के साथ बाइक से डिब्बी लेने जा रहे थे। जैसे ही सिटी पोस्ट ऑफिस के पास पहुंचे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मिक्सर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रॉकी को मामूली चोटें आई। रॉकी ने यूपी 112 पर फोन कर सूचना देना चाहा तो फोन नहीं लगा। जिस पर रॉकी और दुकानदारों ने टुकटुक से देवेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस रोड पर आए दिन होते हैं हादसे
दुकानदारों ने बताया कि पुल निर्माण चल रहा है। जिसके कारण दिन भर इस रोड पर कैंटरों और मिक्सरों का आना जाना रहता है। दुकानदारों का आरोप है कि मिक्सर चालक साउंड फुल कर गाना और कान में हेड फोन लगा कर चलते हैं। जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: 'आओ गांव चलें' अभियान को सब मिलकर सार्थक बनाएं- IMA के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल
