बरेली: जितनी कमाई नहीं उससे चार गुना डाला जा रहा जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर निगम के जेडएसओ पर सफाई कर्मचारियों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग के जेडएसओ के उत्पीड़न से परेशान सफाई कर्मचारी लामबंद होकर हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। उनका आरोप है कि जेडएसओ जुर्माना डालकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। जितनी उनकी कमाई नहीं उससे चार गुना तक जुर्माना डाला जा रहा है। ठेकेदार ने मामले की शिकायत नगर स्वास्थ्य अधिकारी से की है।

सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि जेडएसओ उगाही के लिए गंदगी के नाम पर ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना डाल देते हैं फिर उन्हें घर बुलाते हैं। ठेकेदार कर्मचारियों पर गुस्सा निकालता है और उनका मेहनताना काटता है।

सफाई कर्मचारियों के मुताबिक एक किलोमीटर सड़क की सफाई का जिम्मा चार कर्मचारियों पर होता है। सभी अपने-अपने हिस्से की सफाई कर देते हैं लेकिन जेडएसओ को उस जगह गंदगी दिखती है जहां सफाई शुरू ही नहीं हुई होती है। इसी पर वह 50 हजार का जुर्माना डालकर ठेकेदार को नोटिस भेज देते हैं।

ठेकेदार का कहना है कि जेडएसओ को जुर्माना डालने का अधिकार नहीं है। वह जुर्माना डालकर घर बुलाते और फिर रकम कम भी कर देते हैं। घर में वह बताते हैं कि नगर आयुक्त कहती हैं कि चालान करो। ठेकेदार ने मामले की शिकायत नगर स्वास्थ्य अधिकारी से की है।

बेटे की बीमारी के नाम पैसा इकट्ठा करने को कहा
एक ठेकेदार ने आरोप लगाया कि एक जेडएसओ ने बेटे की बीमारी के नाम पर उनसे पैसा इकट्ठा करने का कहा। रकम काफी ज्यादा भी इसलिए उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने इसकी जानकारी मेयर को भी दी। उन्होंने भी इसे लेकर नाराजगी जताई।

गंदगी की जगह ठेकेदारों के काम पर ध्यान
ठेकेदारों का कहना है कि बीसलपुर रोड पर नाला गंदगी से भरा पड़ा है। सतीपुर नाले में सिल्ट जमा है। चौपुला चौराहे पर ऑटो सर्विस वालों ने नाले चोक कर रखे हैं। इन पर किसी का ध्यान नहीं है। जेडएसओ का पूरा ध्यान ठेकेदारों के काम पर है।

जेडएसओ की शिकायत आई है। जेडएसओ को पेनाल्टी काटने का अधिकार है या नहीं, इसके लिए कांट्रेक्ट देखेंगे। जुर्माना डाला जा सकता है लेकिन वह तर्क संगत होना चाहिए - डॉ. संचित शर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।

ये भी पढ़ें- बरेली: MJPRU के विधि विभाग के चार छात्रों ने यूजीसी नेट परीक्षा की पास

संबंधित समाचार