Kanpur: बिजली कटौती से सात लाख लोग परेशान, नींद पूरी नहीं होने से अनिद्रा के हो रहे शिकार, सिस्टम के खिलाफ आक्रोश
कानपुर में उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से सात लाख लोग बेहाल।
कानपुर में उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से सात लाख लोग बेहाल है। बिजली कटौती से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो रही है। जिस कारण वह अनिद्रा के शिकार हो रहे है।
कानपुर, अमृत विचार। रात में बिजली कटौती होने पर लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बिजली संकट की वजह से लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ रही हैं। नींद पूरी न होने की वजह से लोगों में केस्को के प्रति काफी गुस्सा है। साथ ही लोग चिड़चिड़े भी हो रहे हैं। भीषण उमस भरी गर्मी में बिजली न आने से बीते 24 घंटे में सात लाख लोग बेहाल हो गए।
रात-रातभर बिजली न आने की वजह से लोग अनिद्रा के शिकार हो रहे हैं। सबसे अधिक समस्या नौकरी करने वाले लोगों को हो रही हैं। रात को सुकून से सो नहीं पाने की वजह से लोगों को बाइक चलाने और दिन में काम करने में दिक्कत हो रही हैं। सो न पाने की वजह से कई लोगो के सिर में दिनभर दर्द बना रहता हैं। साथ ही चिड़चिड़ेपन की समस्या भी लोगों में बिजली न आने की वजह हो रही हैं।
लेकिन इन सब से केस्को के जिम्मेदार अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा हैं। सोमवार देर रात नवाबगंज खग्गा टाल, बर्रा विश्व बैंक, किदवई नगर, कृष्णा नगर, शिवकटरा व शास्त्री नगर समेत 15 क्षेत्रों में बिजली का काफी संकट रहा, जिस वजह से लोगों को रात जागकर बितानी पड़ी। केस्को के कंट्रोल रूम नंबर में कॉल करने पर वह मिला नहीं। मिला भी तो लोगों को सटीक उत्तर केस्को कर्मचारियों द्वारा नहीं दिया गया। अश्वासन के लिए एक-एक घंटे बोलने के बाद भी बिजली नहीं आई।
इधर, मंगलवार सुबह गोविंद नगर, मकड़ीखेड़ा, साकेत नगर, 80 फिट रोड अशोक नगर, हजिंदर नगर, शिवकटरा, बर्रा आठ, गुजैनी समेत 110 मोहल्लों में बिजली का दिनभर संकट रहा। दिनभर बिजली न आने की वजह से करीब सात लाख लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल हो गए। सबसे अधिक समस्या बच्चे व महिलाओं को हुई।
केस्को के मुताबिक 11 फीडर में हुई दिक्कत
सोमवार रात नौ बजे से लेकर मंगलवार रात नौ बजे तक शहर के 110 से अधिक मोहल्लों में बिजली की समस्या हुई। जबकि केस्को के अधिकारियों का कहना है कि सिर्फ 11 फीडर क्षेत्र में ही बिजली संकट रहा। केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक 1912 में आई 42 शिकायतों का निस्तारण किया गया। 11 फीडर क्षेत्रों में आई समस्या को हल कर दिया गया हैं। फूलबाग व देहली सुजानपुर में दो ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। वह, फूलबाग में दो, जरीब चौकी, किदवई नगर व विकास नगर में स्थित एक-एक घर में बिजली चोरी पकड़ी गई।
यहां नहीं आएगी बिजली
आजाद नगर, कारवालो नगर, रतनदीप, तात्या टोपे नगर, गुजैनी, वरुण विहार, कोयला नगर, चिश्ती नगर, बसंत विहार नौबस्ता, मछरिया, रतनपुर डी-ब्लॉक, सुंदर नगर, विकास नगर के सिंघपुर, बनियापुरवा, कल्यानपुर आवास विकास-1 व विकास नगर में बिजली बुधवार को नहीं आएगी। इन क्षेत्रों में केस्को कर्मी आरडीएसएस योजना के तहत केबिल लाइन डालने, पोल लगाने समेत आदि कार्य करेंगे। इस वजह से इनमें कई क्षेत्रों में बिजली आठ से नौ घंटे तक गुल रहेगी।
