बरेली: प्रशासन ने रुकवाया एल्डिको सिटी का निर्माण, जानें पूरा मामला
अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच कर रही टीम ने की कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। नैनीताल राेड पर बिलवा के पास अवैध कब्जे की शिकायत पर तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचकर एल्डिको सिटी का निर्माण कार्य रुकवा दिया। जांच की कार्रवाई पूरी नहीं हो जाने तक कोई भी निर्माण कार्य नहीं हो सकेगा।
सियाराम मंडल की ओर से डीएम से की गई शिकायत के मुताबिक एलायंस बिल्डर रमनदीप सिंह, अमनदीप सिंह और उनके पांच सहयोगियों ने नैनीताल हाईवे पर बिलवा के पास जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। रेरा में पंजीकरण कराने के बाद रमनदीप ने अपने भांजे को एल्डिको सिटी का निदेशक बना दिया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रमनदीप सिंह ने एलायंस रेजिडेंसी लिमिटेड और एल्डिको इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के बीच एक संयुक्त उद्यम कर जमीन पर एल्डिको सिटी बसाई है। एल्डिको सिटी में स्टांप पर मकान बेचने की भी बात कही गई है। 23 जून को की गई शिकायत की डीएम ने एडीएम प्रशासन, एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर काे जांच अधिकारी नामित कर 15 दिन में रिपोर्ट मांगी थी।
27 जुलाई को दो नायब तहसीलदारों ने राजस्व टीम के साथ मौका मुआयना किया। तहसीलदार सदर रामनयन सिंह ने बताया कि एल्डिको सिटी के पास झील है। उसी पर कब्जे की बात कही जा रही है। जांच पूरी होने तक एल्डिको सिटी में चल रहा निर्माण कार्य रुकवा दिया है। इस दौरान निर्माण कार्य कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। तहसीलदार ने बताया कि जल्द ही जमीन की पैमाइश कराई जाएगी। जांच में अवैध कब्जा पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: धर्म परिवर्तन कर प्रेमी के साथ की शादी, वीडियो जारी कर बताया जान को खतरा
