बरेली: बीडीए की आपत्ति... मेले की जमीन पर नहीं लगा सकते उद्योग
अंगूरी में पेट्रोल पंप के लिए चिह्नित जमीन के भू उपयोग परिवर्तन पर बोले बीडीए के अफसर
बरेली, अमृत विचार। जिला उद्योग बंधु की बैठक में बृहस्पतिवार को उद्यमियों ने इकाइयां लगाने में आ रही समस्याओं को डीएम शिवाकांत द्विवेदी के सामने उठाया। डीएम ने रोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी दिक्कतों को दूर करने की कोशिश जारी है।
कलेक्ट्रेट में हुई उद्योग बंधु की बैठक में सबसे पहले इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू साइन करने वाले निवेशकों की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा हुई। अंगूरी में डिस्ट्रीब्यूशन स्टेशन के लिए चिह्नित जमीन को कॉमर्शियल लैंड में परिवर्तित करने में आ रही समस्या का मुद्दा उठा। बीडीए को आपत्ति है कि इस जमीन पर मेला लगता है, इसलिए भू उपयोग परिवर्तित नहीं किया जा सकता।
डीएम ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामले को प्रमुख सचिव उद्योग के पास ले जाने की बात कही। रिंकू डेयरी के लिए भूमि परिवर्तन के लंबित आवेदन पर डीएम ने डेयरी विभाग, एसडीएम सदर को समन्वय बनाकर निस्तारण करने के लिए कहा। बालाजी एलॉयज को लेकर बताया गया कि बाउंड्री हो गई है। बीडीए से एनओसी आनी है। डीएम ने जल्द एनओसी जारी करने के निर्देश दिए।
भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने पीएनसी कंपनी की ओर से भोजीपुरा में नाला निर्माण मामले को उठाया। डीएम ने एसडीएम मीरगंज को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। बैठक में सीडीओ जगप्रवेश, संयुक्त आयुक्त सर्वेश्वर शुक्ला, एसडीएम सदर प्रत्यूष पांंडेय, अजय शुक्ला, तनुज भसीन, विमल रेवाड़ी आदि मौजूद रहे।
डीएम ने ये दिए निर्देश
- रोहिलखंड फाइब्रोमेक्स प्राइवेट लिमिटेड के लिए प्रस्तावित भूमि पर 12 मीटर से कम सड़क की वजह से फायर से एनओसी नहीं मिलने पर शासन से राय लेने के निर्देश दिए।
- सभी मामलों में विस्तार से चर्चा करने बाद उपायुक्त उद्योग एमओयू से संबंधित नोडल विभाग, समस्या से संबंधित विभागों में समन्वय बनाकर कोर कमेटी की बैठक कर निस्तारण करने को कहा।
- समय सीमा के बाहर यूपीसीडा विभाग के दो मामले सामने आए। जेई का स्थानांतरण वजह बताई गई। डीएम ने कहा कि यूपीसीडा तत्काल दोनों मामलों का निस्तारण करें।
- डीएम ने एमओयू प्राप्त सभी विभागाध्यक्षों को कहा कि सभी निवेशकों से बातचीत कर समस्याओं का निस्तारण कराएं ताकि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारी हो सके।
-उपायुक्त उद्योग ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों के संबंध में समिति को बताया कि निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।
कल खुलेगा 25 नंबर सड़क का टेंडर
औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में सड़कों के चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम ने कहा कि सड़क नंबर 10, 27 की पत्रावलियां समिति की बैठक में स्वीकृत होनी है। सड़क नंंबर 13 की पत्रावली बोर्ड से स्वीकृति होनी है। 25 नंबर सड़क की पत्रावली निविदा प्रक्रिया में है, जिसका शनिवार को टेंडर खुलेगा। कार्यकारिणी की बैठक 31 जुलाई को होगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: धर्म परिवर्तन कर प्रेमी के साथ की शादी, वीडियो जारी कर बताया जान को खतरा
