शाह आज 'एन मन, एन मक्कल' पदयात्रा की करेंगे शुरुआत, पांच चरणों में चलेगा अभियान
मदुरै। भाजपा की तमिलनाडु इकाई 28 जुलाई को छह महीने लंबी पदयात्रा 'एन मन, एन मक्कल' (मेरी भूमि, मेरे लोग) शुरू करने के लिए तैयार है, जिसमें नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में तीसरी बार देश की कमान सौंपने के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले निर्णायक जनादेश मांगा जाएगा।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि राज्य के 234 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने वाले इस चुनाव अभियान की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार शाम को मंदिर शहर रामेश्वरम से करेंगे। अन्नामलाई ने यहां संवाददाताओं से कहा, "सभी 39 संसदीय क्षेत्रों को कवर करने के लिए अभियान पांच चरणों में चलाया जाएगा और हमने इसे लोकसभा चुनाव से पहले 11 जनवरी, 2024 को समाप्त करने की योजना बनाई है।
अमित शाह जी द्वारा उद्घाटन के बाद अभियान 29 जुलाई को रामेश्वरम से शुरू होगा।" भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रमुख अन्नामलाई पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे और इस दौरान वह 1,770 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा तथा ग्रामीण इलाकों में शेष दूरी वाहन से तय करेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान निर्धारित की गईं 10 प्रमुख रैलियों में से प्रत्येक को कम से कम एक केंद्रीय मंत्री द्वारा संबोधित किया जाएगा।
अन्नामलाई ने कहा, "हम प्रधानमंत्री की उपलब्धियों को पेश करेंगे और लगातार तीसरी बार मोदी जी की वापसी सुनिश्चित करने के लिए लोगों का समर्थन मांगेंगे। हम यह भी बताएंगे कि भाजपा ने निर्वाचन क्षेत्र के हिसाब से लोगों की भलाई के लिए क्या किया है।" भाजपा के प्रदेश प्रमुख ने कहा, 'व्हाट डिड मोदी डू' नामक पुस्तिका की लगभग एक लाख प्रतियां लोगों को वितरित की जाएंगी। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कारू नागराजन के अनुसार, भाजपा लोगों से जुड़ने और उन्हें द्रमुक के प्रभाव से दूर करने तथा उन्हें भाजपा के करीब लाने की उम्मीद करती है।
यह भी पढ़ें- 'अंजू कानूनन अब भी मेरी पत्नी है', फेसबुक मित्र से मिलने पाकिस्तान जाने के बाद बोला पति
