Japan Open : लक्ष्य सेन जापान ओपन के सेमीफाइनल में, सात्विक-चिराग हारे
टोक्यो। भारत के लक्ष्य सेन ने अपना प्रभावी प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान के कोकी वातानाबे को सीधे गेम में हराकर जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
विश्व चैम्पियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी सेन ने 33वीं रैंकिंग वाले वातानाबे को 21 . 15, 21 . 19 से शिकस्त दी। वह कनाडा और अमेरिका के बाद लगातार तीसरे सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। अलमोड़ा के 21 वर्ष के राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन सेन का सामना इंडोनेशिया के पांचवीं वरीयता प्राप्त जोनाथन क्रिस्टी या तीसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड के कुंलावुत विदितसर्न से होगा।
फॉर्म में चल रही सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी को ओलंपिक चैम्पियन चीनी ताइपै के ली यांग और वांग चि लान ने 21 . 15, 23 . 25, 21 . 16 से मात दी। कनाडा ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने वाले सेन ने 5 . 3 की बढत से आगाज किया और ब्रेक तक यह बढत 11 . 7 की कर ली। उन्हें जापानी विरोधी का सामना करन में दिक्कत नहीं आई और पहला गेम क्रॉसकोर्ट पर दो शानदार रिटर्न के साथ उन्होंने अपने नाम किया। दूसरे गेम में वातानाबे ने वापसी की कोशिश की लेकिन सेन ने लय नहीं छोड़ी। एक समय स्कोर 18 . 17 था लेकिन दो रिटर्न के साथ सेन ने एक मैच प्वाइंट बना लिया । इसके बाद बैकलाइन पर शानदार रिटर्न के साथ जीत दर्ज की।
हैम्बर्ग यूरोपियन ओपन में जीते कैस्पर रूड, रूबलेव हारे
हैम्बर्ग (जर्मनी)। (एपी) कैस्पर रूड ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए हैम्बर्ग यूरोपियन ओपन में चिली के क्रिस्टियन गारिन को हरा दिया जबकि डेनियल अल्टमेयेर ने दूसरे दौर में आंद्रे रूबलेव को मात दी । हैम्बर्ग महिला वर्ग में जर्मनी की नोमा नोहा एकुगी सेमीफाइनल में पहुंच गई। उन्होंने मार्टिना ट्रेविसान को 5 . 7, 6 . 4, 7 . 5 से हराया । अब उनका सामना डायन स्नाइडेर से होगा जिसने गत चैम्पियन बर्नाडा पेरा को 6 . 1, 2 . 6, 6 . 4 से हराया । फ्रेंच ओपन उपविजेता रूड ने 1 . 6, 6 . 2, 6 . 2 से जीत दर्ज की । रूड रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं जबकि गारिन 120वें स्थान पर हैं । अब उनका सामना फ्रांस के 19 वर्ष के आर्थर फिल्स से होगा । दूसरी वरीयता प्राप्त रूबलेव को डेनियल ने 6 . 2, 6 . 2 से हराया । अब उनका सामना झांग झिचेंग से होगा । पिछले विजेता लोरेंजो मुसेत्ती ने जोजेफ कोवालिक को 3 . 6, 6 . 2, 6 . 4 से मात दी।
ये भी पढ़ें : IND vs WI ODI Series : हम खिलाड़ियों को आजमाना चाहते थे...कप्तान रोहित शर्मा ने बैटिंग ऑर्डर में बदलाव पर तोड़ी चुप्पी
