मुंबई में भारी बारिश के आसार, सात झीलें 68 फीसदी तक भरीं 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। मुंबई और उसके उपनगरों को पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद शुक्रवार को कुछ राहत मिली। हालांकि शहर में दोपहर तक रूक रूक कर मध्यम से भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से मुंबई को पेयजल आपूर्ति करने वाली वाली सात झीलों में पानी का स्तर बढ़ गया। शुक्रवार की सुबह इन झीलों में कुल क्षमता का 68 फीसदी तक पानी भर चुका है और चार झील पूरे उफान पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि बारिश की तीव्रता कम होने की वजह से महानगर में कहीं भी अधिक जलभराव होने की खबर नहीं है।

कुछ वाहन चालकों ने पूर्वी और पश्चिमी एक्सप्रेसवे पर यातायात धीमी गति से चलने की शिकायत की है, लेकिन चेंबूर को दक्षिण मुंबई को जोड़ने वाले ईस्टर्न ‘फ्रीवे’ पर कोई समस्या नहीं देखी गई। शहर की यातायात पुलिस ने बताया कि सुबह नवी मुंबई के उरण फाटा में रसायन ले जा रहे एक टैंकर के पलट जाने के बाद सायन-पनवेल राजमार्ग पर यातायात जाम हो गया।

एक स्थानीय निकाय अधिकारी ने बताया ‘‘सुबह बारिश की तीव्रता कम थी और कहीं से भी जलजमाव की सूचना नहीं है। शहर के अधिकतर हिस्सों में आज हल्की बारिश हुई, और बीच-बीच में मध्यम तथा भारी बारिश भी दर्ज की गई।

’’ उन्होंने बताया कि आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी कर शहर और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अधिकारी ने बताया कि 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

अधिकारी ने बताया कि सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान द्वीप शहर में 100.82 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 94.79 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 129.12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के मुताबिक, अरब सागर में सुबह आठ बजकर आठ मिनट पर 3.46 मीटर ऊंची लहरें उठीं और दोपहर तीन बजे के बाद भी ऐसा होने का अनुमान है। शहर के उत्तरी हिस्सों में बृहस्पतिवार को हुई भारी बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इसकी वजह से वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित रही। बीएमसी ने बृहस्पतिवार को सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की थी। हालांकि, शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी कॉलेज खुले रहे।

बीएमसी ने बताया कि 28 जुलाई को स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा का एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर आया है। उन्होंने लोगों से इस पर विश्वास न करने की अपील की है। बारिश के कारण बृहस्पतिवार को माटुंगा, डीएन नगर, बाइकुला, ट्रॉम्बे, आजाद मैदान, कांदिवली, कालबादेवी, ओशिवारा, दहिसर, मगाथाने में करीब आधा फुट तक जलजमाव हो गया था।

एक स्थानीय निकाय अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी जिले ठाणे में वैतरणा नदी पर बनी मोदक सागर झील पूरी तरह भर गई और उसका पानी बृहस्पतिवार रात 10 बजकर 52 मिनट पर बाहर आने लगा है। मुंबई, ठाणे और नासिक जिले में स्थित सात जलाशयों भाटसा, ऊपरी वैतरणा, मध्य वैतरणा, तानसा, मोदक सागर, विहार और तुलसी से मुंबई को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। 

 
 

संबंधित समाचार