बरेली: विवाद में नवाबगंज से हटाए हरिओम, वरिष्ठ लिपिक को प्रभारी उप निबंधक का चार्ज
नवाबगंज में बार एसोसिएशन और प्रभारी उप निबंधक में कई दिनों तक चला था विवाद
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज में बार एसोसिएशन के सदस्यों से हुए विवाद में आखिरकार प्रभारी उप निबंधक हरिओम सक्सेना को ही नुकसान उठाना पड़ा। हरिओम को नवाबगंज से हटाते हुए उप निबंधक कार्यालय बहेड़ी से संबद्ध किया गया है। जिलाधिकारी की ओर से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति की जांच आख्या में की गई संस्तुति के आधार पर की कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ लिपिक नब्बू खां को नवाबगंज उप निबंधक कार्यालय में प्रभारी उप निबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन तेज सिंह यादव ने महानिरीक्षक निबंधन लखनऊ को चिट्ठी भेजकर अवगत कराया है कि विगत दिनों में उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज के प्रभारी उप निबंधक के व्यवहार के क्षुब्ध होकर बार एसोसिएशन नवाबगंज के सदस्यों ने कार्य बहिष्कार कर दिया था, जिसके गतिरोध के कारण निबंधन कार्य रुकने से राजस्व की क्षति होने के साथ आमजन को भी दिक्कतें हो रही थीं। इस प्रकरण में जांच कर आख्या देने के लिए डीएम ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया था।
समिति ने अपनी संस्तुति में सुझाव दिया कि प्रभारी उप निबंधक नवाबगंज एवं बार एसोसिएशन के मध्य बढ़ते गतिरोध के कारण कई दिनों से तहसील में निबंधन कार्य एवं अन्य संबंधित कार्य बाधित हैं, जिसका राजस्व पर सीधा विपरीत असर पड़ रहा है। प्रकरण की जांच में कमेटी ने समस्त बिंदुओं के परीक्षण क्रम में जनहित एवं राजस्व हित में प्रभारी उप निबंधक को कार्यालय उप निबंधक नवाबगंज से जिले में दूसरे किसी उप निबंधक कार्यालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश की ताकि विवाद का तात्कालिक एवं व्यवहारिक समाधान किया जा सके।
समिति की संस्तुति पर जिलाधिकारी ने वर्तमान प्रभारी उप निबंधक के स्थान पर किसी अन्य निबंधन लिपिक को प्रभारी उप निबंधक बनाने के निर्देश दिए हैं। महानिरीक्षक निबंधन के 2013 एवं फरवरी 2023 में जारी हुए पत्र के अनुपालन में वरिष्ठ लिपिक नब्बू खां को प्रभारी उप निबंधक नवाबगंज के रूप में संबद्ध किया गया है। एआईजी ने महानिरीक्षक निबंधन से संबद्धीकरण को अनुमोदित करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- बरेली: श्मशान में प्रयोग होने वाली राल बनेगी डायबिटिक घाव का काल
