Mahoba News: मुआवजे की मांग को लेकर किसानो ने किया प्रदर्शन, SDM को ज्ञापन सौंप नाराजगी जताई
महोबा में किसानों ने प्रदर्शन किया।
महोबा में मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई।
महोबा, अमृत विचार। सूखे के चलते खरीफ की फसल वर्वाद हो जाने और 80 प्रतिशत खेतों में फसल की बुवाई न होने से नाराज बुन्देलखण्ड किसान यूनियन ने कस्बा चरखारी में प्रदर्शन कर विरोध जताया और मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी चरखारी प्रदीप कुमार को सौपा। एसडीएम को सौपे गये ज्ञापन में किसानों को प्रति एकड 20 हजार रुपयें के हिसाब से मुआवजा दिलाये जाने की मांग की।
एसडीएम को दिये गये ज्ञापन में जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित किये जाने, सूखे के चलते खेतों की बुवाई न होने और थोडी बहुत हुई बुवाई के बाद बारिश न होने से फसल सूख जाने से किसानों को भारी नुकसान होने के कारण उन्हें प्रति एकड 20 हजार रुपये का मुआवजा दिलाये जाने, किसानों को बीमा की धनराशि भी दिलाये जाने की मांग की। ज्ञापन में किसानों का सम्पूर्ण कर्जा भी माफ किये जाने की मांग की।
बुन्देलखण्ड किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामकिशुन शर्मा ने कहा कि हर साल किसान कभी अतिवृष्टि, ओलावृष्टि तो कभी सूखे से तवाह हो जाता है। लेकिन सरकार किसानों को मुआवजे के नाम पर सिर्फ आंसू पोंछ देती है। इससे किसानों की साल दर साल आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है।
उन्होने कहा कि अन्ना पशु सरकार के लाख प्रयास के बाद भी खुलेआम घूम रहे है। लेकिन जिले के अधिकारी अन्ना पशुओं पर रोक नही लगा पा रहे है। इससे किसानों की फसलें वर्वाद हो रही है। इस दौरान ओमप्रकाश, ज्ञान देवी योगेश कुमार पाठक सहित तमाम किसान शामिल रहे।
