Banda Accident News : ट्राला से भिड़ा ट्रेलर, चालक की मौत, एक गंभीर, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
बांदा में ट्राला से भिड़ा ट्रेलर।
बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र के इचौली तिराहे पर ट्राला से ट्रेलर भिड़ गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बांदा, अमृत विचार। तेज रफ्तार ट्रेलर से ट्राला भिड़ गया। जिससे ट्रेलर में सवार दो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनो को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां एक चालक की मौत हो गई। दूसरे चालक का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
अंबेडकर नगर के नाग जलालपुर गांव निवासी रविंद्र कनौजिया (28) पुत्र राम उजागर अपने साथी चालक चंद्रभान (42) पुत्र छोटेलाल निवासी इंदलपुर के साथ शनिवार की सुबह ट्रेलर लेकर गिट्टी भरने कबरई जा रहा था। तभी इचौली तिराहे के पास ट्राला से उसकी भिड़ंत हो गई। इससे दोनो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे को देख मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनो घायलों को ट्रेलर से बाहर निकाला। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डाक्टरों ने देखने के बाद रवींद्र को मृत घोषित कर दिया। चंद्रभान का उपचार किया जा रहा है।
मृतक के भाई गोविंद ने बताया कि रविंद्र 22 चक्का ट्रेलर चलाता था। वह कबरई जा रहा था। तभी रास्ते में ही यह हादसा हो गया। पुलिस ने ट्राला चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक तीन भाइयों में छोटा था। वह अपने पीछे पत्नी रंजना के अलावा एक बेटी सहित पूरा परिवार छोड़ गया है।
