मोहर्रम पर पीलीभीत में बवाल, सीओ समेत कई घायल...अफसरों के वाहन टूटे
पीलीभीत, अमृत विचार। मोहर्रम पर दिन भर की दौड़-भाग और सख्त इंतजाम के बीच दोपहर बाद बवाल हो गया। बरेली हाईवे पर खमरिया पुल गांव में कांवड़िये और ताजिएदार आमने-सामने आ गए। गलत रूट से ताजिए निकालने व दरोगा द्वारा एक कांवड़िये को थप्पड़ जड़ने से मामला तूल पकड़ता चला गया।
ताजिए हाईवे पर रखकर ताजिएदार भी रुक गए। जिसके बाद पथराव भी कर दिया गया। जिसमें सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई अफसरों के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। डीएम-एसपी ने करीब चार घंटे बाद बमुश्किल मामला शांत कराया।एहतियान अफसर फोर्स के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने को डटे रहे।
घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे शुरू हुई। अमरिया थाना क्षेत्र के करगैना गांव से कांवड़ियों का जत्था कछला घाट पर जल लेने के लिए जा रहा था, जोकि खमरिया पुल स्थित मंदिर पर रुका था। इसी बीच खमरिया पुल गांव के ताजिए भी आ गए। बताते हैं कि शाही पुलिस चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ गए और कांवड़ियों को साइड में करने लगे। इसी दौरान आरोप है कि एक कावंड़िये को दरोगा ने थप्पड़ भी जड़ दिया। जिसके बाद कांवड़िये गुस्सा गए। कांवड़ियों ने गलत रूट से ताजिए निकालने का आरोप लगाया।
इसी बीच कुछही देर में मामला तूल पकड़ गया और ताजिए हाईवे पर रखकर ताजिएदार भी वहीं रुक गए। माहौल तनावपूर्ण होता देख सीओ सदर प्रतीक दहिया भी मौके पर आ गए। इस बीच पथराव और लाठी चल गई।जिसमें सीओ सदर घायल हो गए। हालांकि पक्ष से इसकी शुरुआत हुई, पता नहीं लग सका। इसकी सूचना मिलने पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी अतुल शर्मा कई थानों की पुलिस के साथ आ गए।
दरोगा को निलंबित करने का आश्वासन भी दिया लेकिन लिखित में मांगा जाता रहा और मामला और उग्र होता चला गया। फिर अंधेरा होते ही दोबारा पथराव कर दिया गया। अंधरे में पथराव से कुछ सिपाही भी चोटिल हुए, जबकि एडीएम, तहसीलदार, एसडीएम, एलआईयू की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हाईवे पर आवागमन रोक अफसर देर रात तक मामला निपटाने का प्रयास करते रहे।
पुलिस ने भी सख्ती कर भीड़ को खदेड़ा। करीब चार घंटे बाद रात बजे ताजिए हाईवे से हटवाए और फिर उन्हें पुलिस ने एक-एक कर निकलवाया। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ.राकेश सिंह बरेली से घटनास्थल पर पहुंच गए और डीएम -एसपी से जानकारी की। दबिशें देकर कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: नए रूट से ताजिया निकालने का आरोप, वाल्मीकि बस्ती के लोग खफा..जानिए पूरा मामला
