Fatehpur News : पांच आरोपी गिरफ्तार, चोरी की सात बाइक बरामद, पुलिस व एसओजी टीम के हाथ लगी बड़ी सफलता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में चोरी की सात बाइकों के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार।

फतेहपुर में पुलिस ने चोरी की सात बाइकों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद हुए।

फतेहपुर, अमृत विचार। राधा नगर थाना की पुलिस और एसओजी की टीम ने भोरपहर अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के गैंगस्टर सहित 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सात चोरी की बाइकों के साथ अवैध असलहा और कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया है। 

अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र ने बताया कि बीते दिनों राधा नगर थाना व सदर कोतवाली से चोरी हुई बाइकों की दर्ज शिकायतों पर पुलिस वाहन चोरों की सुरागरसी में जुटी हुई थी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे राधानगर थाना पुलिस व एसओजी प्रथम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सथरियांव पुलिया के पास से दो मोटरसाइकिलों में सवार चार लोगों को धर दबोचा।

इनमें शिवम शर्मा व फारूक अली निवासी अस्ती कॉलोनी थाना सदर कोतवाली के साथ प्रशांत शुक्ला निवासी गंगानगर और विकास कुमार गुप्ता उर्फ विक्की निवासी नई बस्ती थाना राधानगर है। इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी पुलिस को मिले हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों की निशानदेही पर जयरामनगर नहर पुलिया के पास से चोरी की अन्य 5 बाइकें के साथ एक शातिर रामानंद लोधी निवासी कासिमपुर बीबीहाट थाना थरियांव भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

एएसपी ने बताया कि वाहन चोर गिरोह के रुखसार अहमद और संदीप मौके से भाग निकले। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द ही फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने बताया कि हत्थे चढ़े अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। अभियुक्तों पर पहले से ही जिले के राधानगर और सदर कोतवाली थाने में गैंगेस्टर, आर्म्स एक्ट, चोरी सहित अन्य विभिन्न धाराओं के 8 मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए आरोपियों पर विभिन्न धाराओं मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।

 

संबंधित समाचार