Hamirpur News: कूलर में उतरा करंट, चिपककर से बुआ-भतीजे झुलसे, परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती
हमीरपुर में करंट से बुआ-भतीते झुलसे।
हमीरपुर में कूलर में करंट उतरने से चिपककर बुआ-भतीजे झुलस गए। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
हमीरपुर, अमृत विचार। सुमेरपुर क्षेत्र के बिदोखर पुरई गांव में घर पर रखे कूलर में उतरे करंट से बुआ भतीजे चिपक कर झुलस गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए गांव के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर भतीजे को सुमेरपुर रेफर किया गया। उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार है।
बिदोखर पुरई के पूर्व प्रधान चंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि उसकी पुत्री दिव्या (5) भतीजे धनंजय यादव के पुत्र रियांश (4) के साथ रविवार सुबह 10 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान भतीजी नेहा ने धूल में खेलने से मना करते हुए डांट दिया। नेहा के डांटने पर दोनों दौड़कर घर के अंदर चले गए और छिपने के लिए कूलर के नीचे घुस गये। कूलर में करंट होने से दोनों चिपककर झुलसने लगे।
तभी घर के अंदर दाखिल हुई नेहा ने दोनों को झुलसते देख शोर मचाया और कूलर का प्लग हटाया। तब दोनों को बेहोशी की हालत में परिजन अस्पताल ले गए। उपचार के बाद दिव्या की हालत में सुधार होने लगा। लेकिन रियांश की हालत ठीक न होने पर सुमेरपुर लाया गया। अब उपचार के बाद दोनों की हालत ठीक है। दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
