बरेली: ट्रेन में 40 लाख की चोरी, सात दिन बाद भी नहीं खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चार थानों की जीआरपी घटना के खुलासे के लिए लगाई गई

बरेली, अमृत विचार। लखनऊ मेल के एसी फर्स्ट कोच से 40 लाख रुपये की चोरी हुई। घटना के सात दिन बाद भी जीआरपी के हाथ खाली हैं, जबकि खुलासे के लिए जीआरपी मुरादाबाद के तहत आने वाले चार थानों की पुलिस लगी है। इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि घटना वीआईपी ट्रेन में हुई। यह ट्रेन हॉट स्पॉट के रूप में मुरादाबाद अनुभाग जीआरपी द्वारा चिन्हित है।

24 जुलाई को 12230 लखनऊ मेल के फर्स्ट एसी कोच एच-1 कूपे-डी में दिल्ली से लखनऊ के लिए सफर कर रहे लखनऊ निवासी नरेंद्र प्रसाद पाण्डेय सदस्य तकनीकी रेल दावा अधिकरण ने जीआरपी चारबाग को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ कूपे में समान रखकर बर्थ संख्या 11 व 12 पर आराम कर रहे थे। तड़के करीब तीन बजे कोच अटेंडेंट ने बताया कि दरवाजा खुला है, इसे बंद कर लें। उनकी पत्नी ज्योति पाण्डेय ने डांटा कि उन्होंने गेट बंद कर रखा है, खुल कैसे गया। 

इस बीच उनकी नजर बर्थ पर पड़ी तो नीचे रखे सूटकेस की चेन खुली हुई थी। जिसमें से चार लाख नकद और तीन बैग जिनमें डायमंड और चांदी की ज्वैलरी के अलावा चांदी के बर्तन मिलाकर करीब 30 से 40 लाख का सामान था। सारा सामान गायब था। ट्रेन में स्क्वायड कर्मी और टीटीई को देखा तो कई नजर नहीं आया। पीड़ित की तहरीर पर जीआरपी चारबाग ने रिपोर्ट दर्ज कर ली लेकिन घटना स्थल बरेली जंक्शन होने के कारण बरेली जंक्शन जीआरपी को मामला ट्रांसफर कर दिया गया। अब इस मामले में मुरादाबाद अनुभाग जीआरपी के तहत आने वाले रामपुर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली जीआरपी थानों की टीमों के अलावा सर्विलांस टीम जांच में लगी हुई है।

घटना स्थल को लेकर पुलिस में विरोधाभास
सीओ जीआरपी मुरादाबाद अनुभाग देवी दयाल ने बताया कि पीड़ित की तरफ से दो तहरीर दी गईं थी। पहले घटना स्थल लखनऊ बताया गया और फिर बरेली। हालांकि फिर भी हमारी टीमें खुलासे में लगी हुई हैं। वहीं दूसरी तरफ बरेली जंक्शन आरपीएफ ने भी सीसीटीवी चेक किए तो ट्रेन बरेली जंक्शन पर ट्रेन करीब 3 बजकर 49 मिनट पर बरेली पहुंची थी, जबकि तहरीर में 3 बजे बरेली के आसपास आंख खुलने पर अटेंडेंट द्वारा यात्री को जगाकर दरवाजा खुला होने की बात बताई गई।

टीटीई और कोच अटेंडेंट से भी हुई पूछताछ
सूत्रों की माने तो जीआरपी लखनऊ ने कोच अटेंडेंट और ट्रेन के टीटीई से भी पूछताछ की। हालांकि पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। अब इस मामले में जीआरपी के अधिकारी ट्रेन में मौजूद दूसरे यात्रियों को बयान भी दर्ज करेंगे। जिसके लिए यात्रियों की आरक्षण डिटेल निकाली जा रही है।

रामपुर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली के प्रभारी निरीक्षक मामले की जांच कर रहे हैं। चार टीमें घटना के खुलासे को लगा दी गई हैं। इन थानों के तहत आने वाले आपराधिक इतिहास वाले बदमाशों से भी पूछताछ की जा रही है -आशुतोष शुक्ला, एसपी जीआरपी, मुरादाबाद अनुभाग।

ये भी पढ़ें- बरेली: गैस पाइपलाइन के लिए खोदे गये गड्ढे में गिरकर बच्चे की मौत

संबंधित समाचार