बरेली: रामगंगानगर में सवा करोड़ से बीडीए ने बनवाया नया स्कूल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिचपुरी गौटिया प्राइमरी स्कूल के बच्चे नए भवन में देंगे अर्द्धवार्षिक परीक्षा

बरेली, अमृत विचार। रामगंगानगर के सेक्टर एक में बेसिक शिक्षा परिषद के बिचपुरी गौंटिया प्राइमरी स्कूल का बीडीए सवा करोड़ की लागत से आलीशान नया भवन बनवा रहा है। आम सरकारी बेसिक स्कूलों से अलग इस स्कूल में बच्चों को सुविधाजनक माहौल में पढ़ने का मौका मिलेगा। 15 दिन बाद स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद स्कूल के बच्चे अर्द्धवार्षिक परीक्षा भी नए भवन में देंगे। इन दिनों नए भवन में फिनिशिंग का काम चल रहा है।

साबरमती योजना के पास बीडीए ने पुराने बिचपुरी गौंटिया प्राइमरी स्कूल से अलग गांव में नई जगह लेकर बनवाना शुरू किया था। इस स्कूल के बच्चे 15 दिन बाद नए भवन में स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण में शामिल होंगे। पहले बच्चे तंग रास्ते से कक्षाओं में जाते थे लेकिन नए भवन में उन्हें यह दिक्कत नहीं होगी। गौंटिया गांव के बीच यह स्कूल काफी क्षेत्रफल में बना है। स्कूल में प्रवेश करते ही बच्चे हरियाली से रूबरू होंगे। रामगंगा नगर में स्कूल के निर्माण की जिम्मेदारी बीडीए के जेई केके शर्मा को दी गई है। इस समय पुताई का काम अंतिम चरण में है। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

क्लास से लेकर रसोई तक सुविधाजनक
नए स्कूल भवन में 30 गुणा 22 फुट के बड़े-बड़े क्लासरूम हैं जिनका फर्श कोटा स्टोन से बना है। बड़ी-बड़ी खिड़कियों के साथ हर कक्षा में चार सीलिंग फैन लगाए गए हैं। स्कूल के मुख्य द्वार के पास 25 फुट ऊंची छत वाला रिसेप्शन एरिया और गेट के सामने प्रधानाध्यापक कक्ष है। स्कूल में प्ले ग्राउंड, सबमर्सिबल पंप जैसी सुविधा है, वाटर हार्वेस्टिंग का भी इंतजाम है। छात्र-छात्राओं के लिए अलग अलग शौचालय बने हैं। महिला शिक्षकों के लिए इंडियन और यूरोपियन शीट लगे शौचालय बनाए गए हैं। किचन भी काफी बड़ा है जहां रसोइया सहूलियत के साथ मिड डे मील बना सकेगी। इसमें सिंक भी है। पत्थर भी लगाया गया है।

बिचपुरी गौंटिया के प्राइमरी स्कूल को मंडल का पहला ऐसा स्कूल बनाने का प्रयास किया है जहां बच्चे पढ़ने के लिए लालायित हों और शिक्षक भी गौरवान्वित हों। शैक्षणिक माहौल बेहतर होगा तो शिक्षक और छात्र दोनों को लाभ मिलेगा। इस बार अर्द्धवार्षिक परीक्षा नए भवन में कराने की योजना है- जोगिंदर सिंह, वीसी बीडीए।

ये भी पढ़ें- बरेली: अब शहर में तैयार होंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, ये होंगी सुविधाएं

संबंधित समाचार