बरेली: चौथा सोमवार आज, शिव मंदिरों में उमड़ेगा कांवड़ियों का हुजूम
सैंकड़ों जत्थे जल लेने कछला और हरिद्वार हुए रवाना
बरेली, अमृत विचार। सावन के चौथे साेमवार पर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों के सैंकड़ों जत्थे शनिवार और रविवार को गंगाजल लेने के लिए कछला और हरिद्वार के लिए रवाना हुए। ये जत्थे वापस आकर सोमवार काे शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ने के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए हैं। साथ ही सुराक्षा दृष्टि से पुलिस को भी तैनात किया गया है।
रविवार को शहर से पूरे दिन कांवड़ियों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। वहीं आसपास के जिलों के जत्थे भी शहर से होकर गुजरे। शहर में जगह- जगह कांवड़िये भजनों पर उत्साह के साथ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के उद्घोष के साथ नाचते हुए आगे बढ़ते दिखे। भगवा परिधानों में कांवड़िये देशभक्ति गीतों के साथ देशप्रेम का भी संदेश देते दिखे। रविवार काे कई ट्रैक्टर-ट्रॉली, डीसीएम और पिकअप पर शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण आदि देवी देवताओं की झांकियां भी दिखीं।
शहर के सातों नाथ मंदिरों में आधी रात से ही कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया। अलख नाथ मंदिर के महंत कालू गिरि ने बताया कि सोमवार को भारी संख्या में कांवड़िये भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। इसके लिए मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई सामाजिक समितियों काे भी जिम्मेदारी दी गई है। इस दौरान पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी।
ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा: तीर्थयात्रियों का 28वां जत्था जम्मू आधार शिविर से रवाना
