हरदोई : कावड़ियों के जत्थे में शामिल मुस्लिम युवक की ट्रैक्टर से गिर कर मौत
मेंहदी घाट गंगा जल लेने के लिए जाते वक्त हुआ हादसे का शिकार
हरदोई, अमृत विचार। हर साल सावन में कावड़ियों के साथ मेंहदी घाट या गंगाघाट से गंगा जल ले कर जलाभिषेक करने वाले मुस्लिम युवक की ट्रैक्टर से गिर कर मौत हो गई। हादसा रविवार की रात को माधौगंज कस्बे से कुछ दूरी पर होना बताया जा रहा है।
बताया गया है कि बघौली थाने के बेहटा मुर्तजाबक्श निवासी 20 वर्षीय मुबीन पुत्र रईसुद्दीन मुस्लिम होते हुए भोले का भक्त था। मुबीन हर साल गंगा जल ले कर उसका जलाभिषेक करता था। रविवार को वह अपने गांव के कमलेश गुप्ता के ट्रैक्टर से रवाना हुए कावड़ियों के जत्थे में शामिल हो कर गंगा जल लेने मेंहदी घाट जा रहा था। बताते हैं कि माधौगंज कस्बे से कुछ दूरी पर मुबीन चलते हुए ट्रैक्टर से नीचे गिर कर बुरी तरह ज़ख्मी हो गया। आनन-फानन उसे सीएचसी ले जाया गया। जहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। इसका पता होते ही मुबीन के घर में कोहराम मच गया।
रईसुद्दीन के पांच बेटे थे, जिनमें से तीन मुबीन से बड़े और एक उससे छोटा है। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है।
ये भी पढ़ें -बाराबंकी: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसी किशोरी, गुस्साए लोगों ने जाम की सड़क
