मुरादाबाद: जर्जर विद्यालय का छज्जा गिरा, किशोर की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम प्राथमिक विद्यालय के छज्जे के गिरने से 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई और दूसरे किशोर के घायल हो जाने के बाद उसको निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार की सुबह जब बीएसए घटनास्थल …

मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम प्राथमिक विद्यालय के छज्जे के गिरने से 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई और दूसरे किशोर के घायल हो जाने के बाद उसको निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार की सुबह जब बीएसए घटनास्थल पर पहुंचे तो गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने उनकी गाड़ी का घेराव कर लिया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए अपने उच्च अधिकारी को इस बात की जानकारी दी। करीब दो घंटे बाद जब उपजिलाधिकारी पहुंचे तो उन्होंने ग्रामीणों को समझाया। उन्होंने कहा कि जर्जर विद्यालय की जल्द से जल्द मरम्मत और विद्यालय के निर्माण में अगर किसी ने लापरवाही बरती है और वह दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कढ़ी कार्रवाई की जाएगी।

थाना भोजपुर की ग्राम पंचायत दादूपुर के गांव मेदनीपुर में प्राथमिक विद्यालय के पास मंदिर में रविवार को आस-पास के बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान 13 वर्षीय जयकिशन अपने दोस्तों के साथ स्कूल परिसर में बने मैदान में खेलने चला गया। हवा के झोंके से स्कूल का छज्जा जयकिशन और अनिकेत के ऊपर गिर गया और दोनों इसके मलवे में दब गए। अन्य दोस्तों ने जब शोर मचाया तो आस-पास मौजूद लोग वहां पहुंचे और मलबे को हटाकर दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक कुछ होता कि जयकिशन की मौके पर ही मौत हो गई और अनिकेत गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अनिकेत को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं जयकिशन की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश बना हुआ है। पिता चमन प्रकाश ने बताया कि उनके दो बेटे थे सचिन और जयकिशन। जयकिशन पास के ही चौधरी शिवचरण एकेडमी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की मरम्म्त को लेकर 2017 से शिक्षाधिकारियों और आलाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन सभी ने जैसे अपनी आंखों पर पट्टी बांध ली है। सोमवार की सुबह जब बीएसए घटनास्थल पर पहुंचे तो गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने उनकी गाड़ी का घेराव कर लिया। करीब दो घंटे बाद जब उपजिलाधिकारी पहुंचे तो उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और विद्यालय की जल्द से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।

 

संबंधित समाचार