रामपुर : डंपर की चपेट में आकर एक साल की बच्ची मौत, गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने की तोड़फोड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वार-रामपुर मार्ग स्थित धनौरी चौराहे पर हुआ हादसा, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कराया मामला शांत

रामपुर/स्वार, अमृत विचार। तेजगति से आ रहे बजरी से भरे ओवरलोड डंपर ने बाइक को रौंद दिया। बाइक पर सवार एक वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दंपत्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने मार्ग अवरुद्ध कर डंपर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मृतक के परिजनों मे कोहराम मचा है।

कोतवाली के गांव धनौरा निवासी शिवचरण ने अपनी बेटी वीना की शादी दो वर्ष पूर्व थाना टांडा के गांव सेटाखेड़ा निवासी अशोक कुमार के साथ की थी। कुछ दिनों पूर्व वीना अपनी एक वर्षीय बेटी चंदा के साथ अपने मायके आई हुई थी। सोमवार को शिवचरण बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी व बेटी को ले जाने के लिए ससुराल आया था।

शाम लगभग साढ़े छह बजे बाइक पर पत्नी व बेटी को लेकर घर वापस जा रहा था कि जैसे ही बाइक सवार गांव के रास्ते से निकलकर स्वार-रामपुर मार्ग स्थित धनौरी चौराहे पर आया कि रामपुर की और से तेजगति से आ रहे बजरी से भरे ओवरलोड डंपर ने बाइक को रौंद दिया। बालिका की डंपर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। दंपत्ति घायल हो गए।

सूचना पर पहुंचे गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने मार्ग को अवरुद्ध कर जाम लगा दिया। डंपर मे तोड़फोड़ शुरू कर दी। सड़क हादसे के बाद जाम लगाने की जानकारी होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन मे कोतवाल कोमल सिंह भारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।

बामुश्किल परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इस पर सीओ ओमकार नाथ शर्मा व तहसीलदार अवनींद्र कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने बालिका के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। घायलों को उपचार के लिये अस्पताल मे भर्ती कराया है। परिजनों मे कोहराम मचा है।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : घर के बाहर खेल रहे मदरसे के छात्र का अपहरण, मचा हड़कंप

संबंधित समाचार