पीलीभीत: कांवड़िये को मारा थप्पड़...धरना प्रदर्शन कर हंगामा, मनाने में जुटे रहे अफसर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/बीसलपुर, अमृत विचार। श्रावण मास के चौथे सोमवार को दिन भर की दौड़-भाग के बाद अफसर सकुशल संपन्न होता देख राहत महसूस कर रहे थे। मगर, इसी बीच बीसलपुर सर्किल क्षेत्र में गोला गोकर्णनाथ स्थित शिवालय से जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़िये को एक युवक द्वारा थप्पड़ मारने के बाद हंगामा हो गया।

गुस्साए कांवड़िये परिवार समेत सड़क पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलने के बाद एसडीएम-सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कई घंटे तक कांवड़ियों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया जाता रहा। एफआईआर तक करा दी गई लेकिन फिर मामला गिरफ्तारी पर अटका रहा।

बता दें कि तहसील बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम नौगवां नवीनगर के कांवड़ियों का जत्था बीते दिनों कांवड़ यात्रा पर गया था। कछला घाट से जल लेकर कांवड़िये सोमवार को लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ स्थित शिवालय पर पहुंचे और जलाभिषेक किया। इसके बाद दोपहर बाद कांवड़िये वापस घर जा रहे थे। गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले उनके परिवार वाले भी इसमें शामिल हो गए। जिसके बाद वह शांतिपूर्ण तरीके से घर जा रहे थे।  

बताते हैं कि बीसलपुर-दियोरियाकलां मार्ग पर ग्राम घुरी पट्टी के पास पहुंचते ही कुछ लोग कांवड़ियों के बीच शामिल होने लगे। बाहरी युवकों को जब बाहर होने के लिए कहा तो वह झगड़ने पर उतारू हो गए। इसी बीच एक युवक ने कांवड़िये शिवकुमार को थप्पड़ जड़ दिया।

अन्य कांवड़िये विवाद शांत कराने की कोशिश करते रहे लेकिन आरोपी झगड़ने पर उतारू हो गए। जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। कांवड़िये परिवार समेत धरने पर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम सचिन राजपूत, सीओ बीसलपुर सतीश चंद्र शुक्ला  पुलिस बल के साथ पहुंच गए।  कावंड़ियों को मनाने की कोशिश की जाती रही। आश्वासन दिए जाते रहे लेकिन गुस्साए कावंड़िये गिरफ्तारी होने से पूर्व न उठने की बात पर अड़ गए।  इसे लेकर अफसरों की परेशानी बढ़ी रही।

विधायक भी मौके पर पहुंचे और दिलाया भरोसा
कांवड़ियों के धरना प्रदर्शन की सूचना कुछ ही देर में क्षेत्र में फैल गई। जिसके बाद खलबली मची रही। बीसलपुर के भाजपा विधायक विवेक वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कांवड़ियों से घटना के बारे में जानकारी की। उन्हें आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए अफसरों को निर्देश दिए।

चार नामजद, एक अज्ञात पर एफआईआर
धरने पर बैठे कांवड़ियों को शांत कराने के लिए पुलिस त्वरित कार्रवाई करने में जुट गई। एक तरफ धरना प्रदर्शन चलता रहा। उधर, दूसरी तरफ पुलिस ने ग्राम नौगवां नवीनगर निवासी प्रमोद से मिली तहरीर पर धारा 147,323,504,506 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज की। जिसमें दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया संजरपुर निवासी मुकेश, राजेश, रामखिलावन, जितेंद्र और अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। इसमें यह भी बताया कि जलाभिषेक से वापसी करते वक्त आरोपियों ने गाली गलौज के बाद कावंड़ियों से मारपीट की।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: नहीं दिए 20 हजार तो घर बुलाकर प्रधान ने की दुष्कर्म की कोशिश...जानिए मामला

संबंधित समाचार