पीलीभीत: पति को मारने के लिए प्रेमी से मिलकर खाने में मिलाती रही नशीली गोली...जानिए पूरा मामला
DEMO IMAGE
पीलीभीत,अमृत विचार। टेंट व्यापारी की दुकान पर ही काम करने वाले उसके रिश्तेदार का व्यापारी की पत्नी से प्रेम प्रसंग हो गया। इसके बाद व्यापारी की जान लेने के लिए खौफनाक तरीका अपनाया। खाने में नशीली गोलियां मिलाकर व्यापारी को दी जाने लगी। जिसका उसे कुछ पता ही नहीं लगा और वह दिनों दिन बीमार होता चला गया। कुछ ग्रामीणों से इसकी जानकारी हुई तो पुलिस से शिकायत की गई। मगर पुलिस ने जांच के नाम पर मामला टाल दिया। अब कोर्ट के आदेश पर पत्नी, उसके प्रेमी समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
दर्ज की गई रिपोर्ट में पीड़ित ने बताया कि उसकी टैंट की दुकान है। दुकान पर करीब चार साल से मौसेरा भाई काम करता था। पिछले कई महीनों से पीड़ित की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। स्वास्थ्य गिरने लगा था और मानसिक तौर पर भी धीरे-धीरे अस्वस्थ होने लगे थे। मगर कारण को लेकर कुछ भी समझ नहीं आ रहा था। अत्यधिक नींद सी आने लगी थी।
इसका काफी इलाज भी कराया गया। 18 अप्रैल की रात आठ बजे खाना खाकर मंदिर जाने के लिए निकले। इस दौरान अचानक गश खाकर गिर गए। दूसरे दिन दोपहर को होश में आए। तब जाकर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पत्नी और मौसेरे भाई के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा है। जिसमें एक अन्य व्यक्ति की मदद से वह लगातार मारने की कोशिश कर रहे हैं।
खाने में नशीलाी गोलियां मिलाकर दिया करते हैं। यह प्लानिंग कई महीनों से चल रही है। तब जब इसके बारे में पड़ताल शुरू की गई तो बात सच निकली। गोलियां और जहरीले इंजेक्शन भी मिल गए। इसकी 23 अप्रैल को थाने में शिकायत की गई लेकिन जांच के नाम पर टाल दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद कोर्ट की शरण ली गई। अब कोर्ट के आदेश पर पीड़ित की पत्नी, मौसेरे भाई और उसके दोस्त के खिलाफ धारा 328 और 506 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: कांवड़िये को मारा थप्पड़...धरना प्रदर्शन कर हंगामा, मनाने में जुटे रहे अफसर
