मुरादाबाद: नगर निगम की टीम ने कंपनी बाग क्षेत्र से हटवाया अतिक्रमण, अवैध निर्माण ध्वस्त
प्रवर्तन दल प्रभारी रिटायर्ड कर्नल एसके शाही दलबल के साथ रहे मौजूद
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को जोन 8 कंपनी बाग क्षेत्र से नाले के ऊपर किए गए निर्माण और दुकानों के आगे अवैध तरीके से निकाले गए छज्जे को जेसीबी मशीन से तोड़वा दिया।
टीम के पहुंचने पर नाले के ऊपर दुकान चला रहे लोगों ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन प्रवर्तन दल को देखकर वह पीछे हटे। इसके बाद कई गुमटियों को हटवाने के अलावा नाले पर किए पक्के निर्माण को जेसीबी मशीन से तोड़ना शुरू किया गया। दुकानदारों ने टीम से पहले सूचना न देने की बात कही। जिस पर टीम के सदस्यों ने कहा कि इस क्षेत्र में अक्सर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जाती है।
जब खुद से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो टीम खुद कार्य कर रही है। चेतावनी दिया कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कारवाई के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी रिटायर्ड कर्नल एसके शाही, क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक, निर्माण विभाग के जेई आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- एलन मस्क ने घृणास्पद ट्वीट बढ़ने की बात कहने वाले अनुसंधानकर्ताओं पर कानूनी कार्रवाई की दी धमकी
