Auraiya: संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध की मौत, घर के बरामदे में मिला शव, बेटा बोला- जमीनी विवाद में हत्या की गई
औरैया में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला वृद्व का शव।
औरैया के एरवाकटरा थानाक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध का घर के बरामदे में शव पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
औरैया, अमृत विचार। एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव पटना एरवा में संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला। शव पड़ा देख लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पुत्र ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
गांव पटना ऐरवा में सोमवार की सुबह रामकुमार पांडेय पुत्र स्व. राजाराम पांडेय का शव घर के बरामदे में मिला। जब परिजनों ने वृद्ध का शव देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। मृतक के सिर में चोट के निशान मिले हैं। मृतक रामकुमार पांडेय के पुत्र कांत कुमार ने बताया कि वह बीते चार दिवस से घर पर नहीं था।
सोमवार को उसे जानकारी हुई। मृतक के तीन पुत्र शैलेंद्र पांडेय, जितेंद्र पांडेय, कांत कुमार पांडेय है। ग्रामीणों ने बताया कि घर में जमीनी विवाद रहता था। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
