Kannauj: अवस्थी जी... समुद्र नहीं रुका तो दरोगा को जूतों से मारेंगे, सांसद व कोतवाली प्रभारी में बातचीत का ऑडियो वायरल
कन्नौज में सांसद का कोतवाली प्रभारी से बात करते ऑडियो वायरल।
कन्नौज में मंडी चौकी में दरोगा से मारपीट का आरोप लगने के बाद अब सांसद का कोतवाली प्रभारी से फोन पर बात करते हुए ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।
कन्नौज, अमृत विचार। ‘अवस्थीजी, अगर समुद्र श्रीवास्तव नहीं रुका तो दरोगा को जूतों से मारेंगे। अभी दो मिनट में चौकी के ऊपर पहुंच रहे हैं। जूतों से मारेंगे, मेरे खिलाफ मुकदमा लिख देना, जेल भेज देना, कोई फर्क नहीं पड़ता।’ यह चंद लाइनें हैं जो वायरल हुए ऑडियो में सुनाई दे रहीं हैं। बताया जा रहा है कि यह बातचीत सांसद सुब्रत पाठक तथा कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी के बीच की है। मामला दो जून की रात का बताया जा रहा है जब मंडी पुलिस चौकी में बवाल हुआ था और मारपीट में सांसद समेत 52 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
बताते चलें कि मंडी चौकी में अपहरण में युवक को पुलिस से छुड़ाने के लिए मंडी चौकी में दरोगा से मारपीट का आरोप सांसद सुब्रत पाठक पर लगा था। दो जून की रात हुए बवाल व मारपीट में पुलिस कर्मियों को भी चोटें आईं थीं। भाजपाइयों के हमले से दहशत में आए पुलिस कर्मियों ने हथियार रख दिए थे। इसके बाद उच्चाधिकारियों के आदेश से सुब्रत पाठक समेत 10 नामजद तथा 40-42 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर सांसद के भी तमाम बयान सामने आए।
तत्कालीन एसपी कुंवर अनुपम सिंह पर भी आरोप लगे। हालांकि जांच आलाधिकारियों की संस्तुति पर कानपुर देहात एसपी को ट्रांसफर कर दी गई थी। इधर दो दिन पहले ही एसपी कुंवर अनुपम सिंह का स्थानांतरण अमरोहा के लिए हो गया। अब मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि यह दो माह पहले घटना की रात सांसद व कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अवस्थी से फोन पर हुई बात का ऑडियो है।
वायरल ऑडियो में उन्नाव पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ता समुद्र श्रीवास्तव को उठाने व किसी हाकिम सिंह नाम के दरोगा को जूतों से पीटने की बात कही जा रही है। यह ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। सदर कोतवाली के सरायमीरा निवासी समुद्र श्रीवास्तव को उन्नाव पुलिस ने अपहरण के मामले में दो जून को सरायमीरा से गिरफ्तार किया था। जानकारी पर रात 10 बजे के बाद मंडी चौकी पहुंचे सांसद सुब्रत पाठक और पुलिस में मारपीट का आरोप लगा था।
फिर भी समुद्र को उन्नाव पुलिस ले गई थी। मंडी में हुई घटना में कई पुलिस कर्मी घायल हुए थे। मामला सांसद से जुड़ा होने से आईजी कानपुर जोन प्रशांत कुमार ने जांच कानपुर देहात एसपी को दी थी। एसपी कानपुर देहात ने टीम बना कर जांच शुरू कराई थी जो पूरी नहीं हुई है। अमृत विचार ऑडियो की पुष्टि नहीं करता लेकिन इसको लेकर शहर में खूब चर्चा हो रही है।
अमिताभ ठाकुर ने की कार्रवाई की मांग
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने 30 सेकंड की एक टेलिफोनिक बातचीत में पुलिस के एक दरोगा को गालीगलौज और धमकी देने के मामले में एफआईआर की मांग की है। इस बातचीत में पहले व्यक्ति किसी अवस्थी जी को कह रहे हैं कि समुद्र श्रीवास्तव को हाकिम सिंह नामक दरोगा उठा के ले गए हैं, उन्हें तुरंत रोक दिया जाए नहीं तो दरोगा को जूतों से पिटाई की जाएगी। साथ ही दरोगा के लिए अपशब्दों का प्रयोग भी किया गया है। पहले व्यक्ति यह भी कह रहे हैं कि भले उन्हें जेल भेज दिया जाए लेकिन वह हाकिम सिंह को जूतों से मारेंगे।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उन्हें दी गई सूचना के अनुसार बातचीत कन्नौज के भाजपा सांसद सुब्रत पाठक और इंस्पेक्टर कोतवाली कन्नौज अजय अवस्थी की बताई गई है। उन्होंने स्वयं भी सुब्रत पाठक के पूर्व से उपलब्ध वीडियो से इस आवाज को मिलाई तो प्रथम दृष्टया आवाज मेल खाती दिखती है। सांसद पर मंडी पुलिस चौकी में घुसकर पुलिसवालों की पिटाई के संबंध में आरोप लगे थे, जिस संबंध में कोतवाली में एफआईआर दर्ज है किंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी सहित अन्य अफसरों को शिकायत भेजकर इस संबंध में अविलंब कार्रवाई की मांग की है।
