अमरोहा : रेलवे ट्रैक किनारे घायल मिले वेल्डर की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में बूढ़े बाबू के मठ के निकट रेलवे ट्रैक किनारे खून से लथपथ मिले वेल्डर की उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने मोहल्ले के ही युवकों पर लोकेश की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लकर पूछताछ कर रही है।
नगर के मोहल्ला चौहानपुरी में स्कूल वाहन चालक कैलाश का परिवार रहता है। उनका बेटा 23 वर्षीय लोकेश ठाकुरद्वारा में वेल्डिंग का काम करता था। कैलाश ने बताया कि लोकेश सोमवार दोपहर दो बजे के ठाकुरद्वारा से काम कर घर आया था। वह शाम को मोहल्ले के कुछ दोस्तों के साथ घूमने चला गया। वापस न आने पर परिजनों ने कई बार फोन भी किया, लेकिन फोन नहीं उठा। रात लगभग 9.30 बजे लोकेश ने अपनी बहन को फोन किया कि मोहल्ले के ही तीन युवक उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। जेब में रखे पैसे भी छीन लिए हैं।
घायल अवस्था में वह बूढ़े बाबू के मठ के निकट रेलवे लाइन पर पड़ा है। सूचना मिलते कैलाश बेटे की तलाश में निकल गए। काफी देर ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस और ग्रामीण इकट्ठा होकर लोकेश की तलाश में जुटे। तभी रेलवे ट्रैक किनारे गहरे गड्ढे में लोकेश लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसकी बगल में बड़ा घाव था, जिससे खून बह रहा था। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान थे। परिजन उसे तत्काल गजरौला सीएचसी ले गए।
जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख मेरठ रेफर कर दिया। लोकेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजन थाने पहुंचे और मोहल्ले के ही युवकों पर लोकेश की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि रेलवे ट्रैक किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले युवक की सूचना मिली थी। हायर सेंटर ले जाते समय मौत हो गई। जांच पड़ताल में ट्रेन की चपेट में आने से मौत की बात सामने आ रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मोहल्ले के दो युवकों को हिरासत में लेकर उसने पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी वजह स्पष्ट हो पाएगी।
ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान के साथ हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा चीन, Xi JinPing का बड़ा बयान
