पीलीभीत: थप्पड़ मारने वाला और उसके साथी हुए गिरफ्तार, तब जाकर खुला कावंड़ियों का जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/ बीसलपुर, अमृत विचार। जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़िया को थप्पड़ मारने के बाद हुआ हंगामा साढ़े नौ घंटे तक चला। तमाम अफसर एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद भी मनाने में जुटे रहे। लेकिन सफलता उस वक्त मिली जब ताबड़तोड़ दबिश देकर मुख्य आरोपी समेत तीन की गिरफ्तारी कर ली गई।

पहले कुछ कांवड़ियों ने कोतवाली जाकर धरपकड़ की तस्दीक की और फिर मानकर देर रात डेढ़ बजे जाम खुल सका। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

बता दें कि बीसलपुर सर्किल क्षेत्र के नौगवां नवीनगर गांव के कांवड़िये सोमवार को लखीमपुर खीरी जनपद के गोला गोकर्णनाथ शिवालय में जलाभिषेक कर लौट रहे थे।  दियोरियाकलां-बीसलपुर मार्ग पर घुरी पट्टी गांव के पास पहुंचते ही कुछ लोगों ने गाली गलौज की और उसके बाद एक कांवड़िये को थप्पड़ मार दिया था। घटना से गुस्साए कांवड़िये परिवार समेत धरने पर बैठ गए थे। एसडीएम, सीओ, विधायक आदि ने मौके पर पहुंचकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन कावंड़िये नहीं माने।

एफआईआर तत्काल दर्ज कर ली गई लेकिन उसके बाद गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन चलता रहा। मुख्यालय से एडीएम वित्त एवं राजस्व राम सिंह गौतम, एएसपी अनिल कुमार भी पहुंच गए थे। काफी देर तक तीन किलामीटर दूर दोनों अफसर मातहतों से जानकारी करते रहे।इसके बाद मौके पर भी पहुंचे। मगर कांवड़िये मानने को राजी नहीं थे।   पुलिस ने प्रकरण को शांत कराने के लिए दबिशें दी। जिसके बाद तीन आरोपी धर दबोचे।  उनकी गिरफ्तारी की जानकारी कांवड़ियों को दी।

इस पर कांवड़ियों ने पुलिस के दावे की कोतवाली जाकर तस्दीक की। इसके बाद देर रात करीब डेढ़ बजे जाम खुल सका।  कांवड़ियों ने चार नामजद व अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अलावा बाद में भी कुछ नाम आरोपियों के तौर पर पुलिस को दिए गए हैं। फिलहाल जाम खुलने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली।

इस मामले में एफआईआर तहरीर मिलते ही दर्ज कर ली गई थी।  मुख्य आरोपी जितेंद्र, मुकेश और रामखिलावन की गिरफ्तारी की गई।  मंगलवार को तीनों का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है।  मामले में विवेचना कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जवाहर लाल वर्मा, कोतवाल दियोरियाकलां

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: पति को मारने के लिए प्रेमी से मिलकर खाने में मिलाती रही नशीली गोली...जानिए पूरा मामला

 

संबंधित समाचार