Bareilly: नगर निगम क्षेत्र में पिटबुल डॉग पालने पर लगा प्रतिबंधित
पालतु कुत्तों को कराना होगा पंजीकरण, पांच सौ से एक हजार तक देना होगा शुल्क
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम क्षेत्र में कुत्ता पालने के शौक अब महंगा पड़ने वाला है। नगर निगम ने पिटबुल प्रजाति का कुत्ता पालने पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही इन पर कई तरह के शुल्क लगा दिए हैं। कुत्ता पालने के लिए उसका पंजीकरण भी कराना होगा, इसमें छोटी नस्ल के लिए पांच सौ और बड़ी नस्ल के लिए एक हजार रुपये अदा करने होंगे। कुत्तों की ब्रीडिंग का व्यवसाय करने वाले लोगों को पांच हजार रुपये शुल्क देकर लाइसेंस लेना होगा। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इन नियमों पर मुहर लगा दी गई है।
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में उपसभापति सर्वेश रस्तोगी ने कुत्ता पालने वालों के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराने की बात कही। उन्होंने पिटबुल डॉग की हिंसक घटनाओं को ध्यान रखते हुए इसे पालने पर प्रतिबंध लगाने को कहा। इसे स्वीकार कर लिया गया। विदेशी नस्ल के बड़े कुत्ते पालने का रजिस्ट्रेशन शुल्क 700 रुपये अफसरों ने तय किया।
उपसभापति सर्वेश रस्तोगी, सौरभ कुमार ने कहा कि सुविधा संपन्न लोग विदेशी नस्ल के महंगे कुत्ते खरीदकर पालते हैं। उनसे पंजीकरण शुल्क एक हजार रुपये लेना चाहिए। छोटी नस्ल के कुत्तों का पंजीकरण शुल्क 500 रुपये तय किया गया। ब्रीडिंग कराकर कुत्तों को बेचने वालों से पांच हजार रुपये लाइसेंस शुल्क वसूलने की बात कही गई।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने पर पशु मालिक से जुर्माना वसूलाने, कुत्ते के गले में छोटा पट्टा डालकर ही टहलाने की बात कही गई। इसके अलावा दो कुत्तों को पालने के लिए 200 गज जमीन पर घर होने और तीसरा कुत्ता पालने के लिए 100 वर्ग गज की अतिरिक्त जगह होने का प्रस्ताव रखा गया। इन प्रस्तावों पर सहमति बनने पर मुहर लगा दी गई।
यह भी पढ़ें- सेफ सिटी बनेगी बरेली...कैमरे और पैनिक बटन से लैस होंगी कैब, कमिश्नर ने दिए निर्देश
