Fatehpur News: किसान से हजारों रुपये की टप्पेबाजी, राज्यपाल से हो चुका पुररुकृत, बाजार से लहसुन बेच कर लौटा था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में किसान से टप्पेबाजी।

फतेहपुर में बाजार से लहसुन बेच कर रहे लौट रहे किसान से हजारों रुपये की टप्पेबाजी हो गई। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।

फतेहपुर, अमृत विचार। खुद को रिश्तेदार बताकर बाइक सवार दो युवकों ने एक किसान को बाइक में बैठा लिया। घर पहुंचकर किसान ने देखा तो उसकी एक जेब कट चुकी थी और हजारों की रकम टप्पेबाज ले जा चुके थे। मामले की तहरीर किसान ने पुलिस को दी है।

कस्बे के गढ़वा मोहल्ले के चन्द्रशेखर खेती किसानी करते हैं। बताया कि मंगलवार को वह बिंदकी की बाजार में लहसुन बेचने गए थे। जहां आढ़त से 25 हजार दो सौ का भुगतान मिला था। टेंपो से चौडगरा पहुंचे थे और चौड़गरा से ई-रिक्शा से औंग चौराहे पर उतरे थे। वहीं पर काली बाइक लिए दो टप्पेबाज खड़े थे। चंद्रशेखर को मामा कहकर नमस्ते की और घर चलने को कहकर बाइक में बैठा लिया।

बाइक सवार सड़क पर ही रुक गए। चंद्रशेखर ने घर चलने को कहा तो जरूरी फोन का हवाला देकर खदरा की तरफ चले गए। घर पहुंच कर चंदशेखर ने कुर्ता देखा तो नीचे की बनियान कटी थी। चंद्रशेखर ने 15 हजार एक जेब में, दूसरी जेब में दस हजार दो सौ रुपए रखे थे। एक जेब से दस हजार दो सौ रुपए गायब थे। 

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

किसान चंद्रशेखर लहसुन और टमाटर की खेती के लिए राज्यपाल से पुरस्कृत हैं। चौराहे पर मौजूद बाइकर्स ने चंद्रशेखर को पेपर में छपी फोटो का हवाला देकर बातों में उलझाया। टमाटर और लहसुन की खेती को विधिवत जानने की चर्चा की। झांसे में आकर चंद्रशेखर बाइक में बैठ गए।

चौराहे में लगे सीसीटीवी फुटेज में प्रारंभिक घटना कैद हो गई है। बाइक से उतरते हुए सीसीटीवी में बाइकर्स के फुटेज मिले हैं। थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार