सीतापुर : ट्रेन का हॉर्न सुनते ही पटरियों के बीच जा बैठा युवक, देखने वालों के उड़े होश
सीतापुर, अमृत विचार। थाना नैमिषारण्य इलाके में ट्रेन से कटकर एक नवयुवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आत्म हत्या जैसा प्रतीत हो रहा है। घटना बुधवार करीब तीन बजे की है।
बालामऊ से सीतापुर जाने वाले रेलवे मार्ग पर नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के गांव लक्षमनगर के पास रेलवे लाइन पर एक नवयुवक का शव ग्रामीणों ने देखा। यह खबर जंगल में आग की तरह फ़ैल गई। रेलवे लाइन के किनारे बकरी चराने वाले लोगों ने बताया कि मरने वाला युवक सड़क पर काफी देर से बैठा था। जैसे ही उसने ट्रेन के हार्न की आवाज सुनी अचानक रेलवे ट्रेक पर बीचोबीच बैठ गया। जब तक वह लोग कुछ समझ पाते तब तक ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई थी।
घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ये आत्म हत्या है। सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। मृतक की उम्र अठारह साल के आसपास लग रही है। शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में शिनाख्त के लिए रखा जाएगा। उसके उपरांत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - रायबरेली : जिला कारागार में विचाराधीन बंदी ने फंदा लगा की खुदकुशी
