Banda News : कोर्ट के आदेश पर एसआई समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट, घर में घुसकर दी थी धमकी, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में कोर्ट के आदेश पर एसआई समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट।

बांदा में कोर्ट के आदेश पर एसआई समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। नामजद लोगों में बालू माफिया समेत चार पुलिस कर्मी भी शामिल है।

बांदा, अमृत विचार। बालू भरे ट्रैक्टर बंद कराए जाने से नाराज एसआई ने घर में घुसकर युवक को धौंस धमकी दी। इससे परेशान युवक की मां ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। पीड़ित महिला ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर एसआई समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 

कोतवाली क्षेत्र के बिल्हरका गांव निवासी मन्नी पत्नी अर्जुन ने न्यायालय में दिए गए पत्र में बताया था कि वह सुखरानी का खेत बटाई में लेकर किसानी करती है। बालू भरे ट्रैक्टर खेतों से गुजरते हैं, इससे उसके खेत में बोई चने की फसल बर्बाद हो रही है। पीड़ित के पुत्र जगतपाल ने करतल चौकी में तैनात रहे उप निरीक्षक कौशल सिंह से शिकायत की थी।

लेकिन उप निरीक्षक ने उनकी एक नहीं सुनी। उल्टा उसे डांट डपट कर भगा दिया था। तब जगतपाल ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप से ट्रैक्टर बंद हो गए। मन्नी ने बताया कि प्रति ट्रैक्टर एसआई को 1500 रुपए प्रतिदिन मिलते थे। इस कारण से उनकी कमाई बंद हो गई।

नाराज होकर उप निरीक्षक कौशल सिंह 5 अप्रैल 2023 की रात 12 बजे घर में घुस आए और धमकी दी कि रहने नहीं दूंगा। अगले दिन एसआई अपने चार अन्य सिपाही व बालू माफिया मंगल पटेल, देवीदीन के साथ मोटरसाइकिल से आए और घर का दरवाजा खुलवाकर गाली-गलौज करते हुए जगतपाल को पकड़कर ले गए। मन्नी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। न्यायालय के आदेश पर उप निरीक्षक, चार सिपाही और बालू माफिया मंगल पांडेय, देवीदीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

संबंधित समाचार