संभल: विद्युत पोल में करंट से मासूम की मौत ,लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप
चन्दौसी, अमृत विचार। थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव पचाक में विद्युत पोल में करंट से घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। परिजनों ने लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली है।
पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया है। गांव पचाक निवासी जीराज मौर्य पाइप फैक्टरी में मजदूरी करता है। रोजाना की तरह बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह फैक्टरी जाने की तैयारी कर रहा था। पत्नी मनीषा देवी खाना बना रही थी। तीन वर्षीय बेटा खुशयांश घर के बाहर खेल रहा था।
मासूम खेलते हुए घर के बाहर खड़े विद्युत पोल के करीब पहुंच गया। उसी समय पोल को बंदर ने हिला दिया। जिससे पोल पर लगा एक केबिल अलग होकर लोहे के अर्थिंग के तार से छू गया। इसी दौरान मासूम खुशयांश ने जमीन में लगे लोहे का तार पकड़ लिया और करेंट की चपेट में आकर वहीं गिर पड़ा।
पास ही खेल रहे बालक कुनाल ने चीख सुन कर परिजनों को सूचना दी। पता लगने पर मासूम के परिजन दौड़ और किसी तरह मासूम को तार से अलग किया। सूचना पाकर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम को सीएचसी ले आयी।
वहां चिकित्साधिकारी ने खुशयांश को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पिता जीराज मौर्य ने बताया कि दो दिन पहले बकाया को लेकर लाइनमैन में किसी उपभोक्ता का केबिल पोल से अलग कर दिया था। बकाया जमा होने पर केबिल को दूसरे केबिल से जोड़ दिया गया।
बॉक्स में केबिल नहीं जोड़ा। जिससे कटा हुआ केबिल लोहे के तार से टच हो गया और मासूम की जान चली गई। आनन-फानन में थाना बनियाठेर पुलिस के साथ एसडीओ अजय कुमार शुक्ला भी टीम के साथ गांव पहुंचे और मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक मदद के रुप में पांच लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिलाया। इकलौते बेटे की मौत का सदमा परिजन बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान के साथ हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा चीन, Xi JinPing का बड़ा बयान
