बरेली: नए जिलाध्यक्षों की घोषणा नहीं, महामंत्री...उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को पैरवी में जुटे
17 जुलाई से आज-कल में फंसी है नए जिलाध्यक्षों की सूची, पदाधिकारियों को इंतजार
बरेली, अमृत विचार। भाजपा के संगठनात्मक तीनों जिलाें के नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने में विलंब के चलते संगठन से जुड़े तमाम लोग ठीक से कार्य नहीं कर रहे हैं। महामंत्री, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए लोग अपनी पैरवी में जुटे हैं। नेता इस जुगत में लगे हैं कि नए जिलाध्यक्षों की घोषणा होने पर ही वे अपने दायित्व की पैरवी मजबूत कर सकते हैं।
नोएडा के विधायक एवं पर्यवेक्षक पंकज सिंह 12 जुलाई को कई घंटे सर्किट हाउस में रहकर सांसद, विधायकों के साथ संगठन के वरिष्ठ नेताओं से एक-एक कर अलग में बात करके बरेली, आंवला के जिलाध्यक्ष के साथ महानगर अध्यक्ष बनाए जाने के संबंध में नब्ज टटोल गए थे।
उन्होंने भाजपा हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपकर बदलाव के संकेत दिए थे। उसके बाद से 17 जुलाई तक प्रदेश हाईकमान के स्तर से भाजपा के संगठनात्मक जिलों के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा हो जानी थी लेकिन बार-बार तारीखें बढ़ रही हैं लेकिन सूची जारी नहीं हो रही है।
संगठन के वरिष्ठ नेता कह रहे हैं कि अभी ब्रज क्षेत्र की कार्यकारिणी भी गठित होनी है। इसके साथ ही नए जिलाध्यक्षों की घोषणा होगी। वहीं उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए बरेली के कई नेता लखनऊ स्तर से अपनी पैरवी करा रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष डाॅ. केएम अरोड़ा का कहना है कि पार्टी पदाधिकारी सूची का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन आज-कल में मामला फंसा है। अब 10 अगस्त तक जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने की संभावना है। 7 अगस्त से विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है जो 10 तक चलेगा, इस बीच सूची जारी होने की संभावना कम है।
यह भी पढ़ें- बरेली: यशस्वी प्रवेश परीक्षा के लिए 10 अगस्त तक अंतिम मौका, जानें डिटेल्स
