बरेली: CM के निर्देश से अफसरों को राहत, नए रास्ते से नहीं निकलेगी कांवड़ यात्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जोगीनवादा प्रकरण के बाद मंगलवार को अफसरों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंस, सुरक्षा कड़ी करने को कहा

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दो सप्ताह से तनाव में घिरे बरेली के अफसरों को कुछ राहत की सांस लेने का मौका दिया है। मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिया कि किसी भी नए रास्ते या विवादित जगह से कांवड़ यात्रा न निकलने दी जाए, विवादित इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी लागू करें। इसके बाद स्थानीय भाजपा नेताओं के जोगीनवादा में विवादित रास्ते से ही कांवड़ यात्रा निकालने के दबाव से जूझ रहे अफसर सांप्रदायिक टकराव टालने के लिए नए सिरे से रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलने के बाद अधिकारियों ने भाजपा नेताओं से कहा है कि वे नए रूट से कांवड़ यात्रा निकलवाने के लिए दबाव न बनाएं। इसके साथ वे जोगीनवादा में वैकल्पिक रास्ते की तलाश में भी जुट गए हैं ताकि तनावरहित माहौल में वहां से कांवड़ यात्रा निकलवाई जा सके।

इसके लिए जिला प्रशासन अब बड़े स्तर पर नेताओं और दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों को बुलाने या समन्वय समिति की बैठक करने के बजाय निचले स्तर पर दोनों पक्षों से बातचीत कर रहा है और टकराव टालने का रास्ता ढूंढ रहा है।

तहसील सदर के कई लेखपालों को भी जोगीनवादा में लोगों से बातचीत कर उनका फीडबैक लेने के लिए लगाया गया है। एसीएम फर्स्ट नहने राम, एसीएम थर्ड अनिल कुमार यादव समेत कई अधिकारी दोनों समुदायों के दो-दो लोगों से बात कर रहे हैं। कांवड़ियों को समझाने के लिए भी सहयोग मांगा जा रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता को बताए मुख्यमंत्री के निर्देश, व्हाट्सएप पर वीडियो भी भेजा
प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी से बुधवार को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता की फोन पर करीब 20 मिनट जोगीनवादा प्रकरण पर बातचीत हुई। अधिकारी ने मुख्यमंत्री से मिले निर्देशों के बारे में बताया और वीडियो कॉन्फ्रेंस का कुछ हिस्सा भी उनके व्हाट्सएप पर भेजा ताकि वह भी मुख्यमंत्री के निर्देशों को ठीक से समझ सकें।

उन्हें बताया कि प्रशासन जोगीनवादा में रविवार तक स्थिति सामान्य कराकर कांवड़यात्रा निकलवाने के लिए वैकल्पिक रास्ता ढूंढ रहा है। नेता से बातचीत में उन्हें इस वैकल्पिक रास्ते की जानकारी नहीं दी गई। भाजपा के महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने कहा कि सभी चाहते हैं कि दोनों पक्षों के लोगों के बीच अमनचैन कायम रहे। इस बारे में प्रशासन से लगातार बात हो रही है।

यह भी पढ़ें- भारत सरकार जल्द करे पसमांदा आयोग बनाने का एलान- शहाबुद्दीन रजवी

संबंधित समाचार