अयोध्या: यूजीसी नेट में कृषि विवि. का दबदबा, 77 छात्र-छात्राओं ने मारी बाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुमारगंज/अयोध्या। राष्ट्रीय स्तर की यूजीसी नेट परीक्षा में आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर से अपना परचम लहराया है। अवध विश्व विद्यालय के छह विद्यार्थियों ने भी सफलता प्राप्त की है।कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न महाविद्यालयों से कुल 77 छात्र-छात्राओं ने यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश के साथ-साथ विश्व स्तर पर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। छात्र-छात्राओं ने इसे कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्ग दर्शन का परिणाम बताया। 

कुलपति ने सभी उत्तीर्ण छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की है। उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय से कुल 26 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 23 छात्र- छात्राओं ने सफलता हासिल की है। सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय से 4, पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय से 6, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग से 2 एवं कृषि महाविद्यालय से 42 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है। 

उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय के सब्जी विज्ञान विभाग से अकेले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता हासिल की है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले नितेश कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावक, गुरुजनों एवं विश्वविद्यालय के कुलपति को दिया है। अंजना ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों के साथ-साथ शिक्षाविदों के मार्ग दर्शन को बताया। अंजना बताती हैं कि वे 10 घंटे रोजाना पढ़ाई करती हैं।  

विद्यार्थियों ने माता-पिता व गुरु को दिया श्रेय 
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छह छात्रों ने यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। परिसर के एमएससी बायोकेमिस्ट्री के छात्र विपुल वर्मा, सनोज कुमार, रोहित राज यादव ने सीएसआइआर नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की।

वहीं बायोटेक्नोलॉजी विभाग के अर्चित गुप्ता ने डीबीटी-जेआरएफ एवं सीएसआइआर-जेआरएफ की परीक्षा में सफलता अर्जित की। इस उपलब्धि पर विभागाध्यक्ष ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। एमएससी इलेक्ट्रानिक्स के छात्र शिखर उपाध्याय ने यूजीसी नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की। व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता के शोध छात्र हर्ष गुप्ता ने प्रबंधन में नेट क्वालिफाई किया।

यह भी पढ़ें:-जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी भाजपा सरकार: निर्मल खत्री

संबंधित समाचार