रामपुर: मकान की छत गिरने से पांच साल की बच्ची की मौत, तीन घायल
सिविल लाइन क्षेत्र के गांव भमरौआ के मझरे का मामला
रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मकान की छत गिरने से पांच वर्षीया मासूम की मौत हो गई। जबकि उसकी मां, दो सगे भाई तथा एक बहन सहित चार लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से घटना के बारे में जानकारी की। शुक्रवार को अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से बातचीत की।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भमरौआ का मझरा निवासी शकील मजदूर है। रोजाना की तरह वह गुरुवार रात को अपने कमरे में सो रहा था। उसकी पत्नी खातून बेगम, पांच साल की बेटी फरहीना, 11 साल का बेटा फरमान, 12 साल का बेटा करम अली, 13 साल की बच्ची जैरा दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे आई बारिश से शकील के मकान के एक कमरे की छत पटलों सहित परिजनों पर गिर गई। धड़ाम की आवाज सुनकर मोहल्लेवाले भी मौके पर पहुंच गए।
उधर से शकील भी आ गया। बच्चों को दबा देखकर उसने शोर मचा दिया। सभी लोगों ने किसी तरह दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने पांच वर्षीया फरहीना को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जान गंवाने वाली बच्ची के पिता से बातचीत की।
मकान की छत गिरने से पांच वर्षीया बच्ची की मौत हो गई है। एक महिला और दो लड़के घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।-शरद पवार, सिविल लाइन इंस्पेक्टर
ये भी पढ़ें:- रूसी अफसरों ने देश के लिए सैन्य सामग्री की बिक्री बढ़ाने के बारे में उत्तर कोरिया से की बात : America
