दुबई में बैठे पति ने कानपुर में डॉक्टर पत्नी को किया फोन, बोला- तलाक, तलाक, तलाक… एक बेटी की मां है पीड़िता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुबई से पति ने कानपुर में डॉक्टर पत्नी को फोन पर दिया तीन तलाक।

दुबई से पति ने कानपुर में डॉक्टर पत्नी को फोन पर तीन तलाक दिया। पीड़िता ने रावतपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी।

कानपुर, अमृत विचार। रावतपुर थानाक्षेत्र में दहेज की मांग न पूरी होने पर ससुरालीजनों पर प्रताड़ना के साथ पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

रोशन नगर के बशीर का बगीचा निवासी अधिवक्ता जाकिर हुसैन की बेटी डॉक्टर जेबा सिद्धकी का निकाह गत 10 अक्टूबर 2017 को एपीजे नगर, विजय नगर, ऐलप्पा, केरल निवासी जेबा के शौहर सुलाल वहीदा सलेह दुबई से हुआ था, जो वहीं जॉब करते हैं। आरोप है, कि निकाह के बाद से ही पति सुलाल, ससुर मोहम्मद सलेह, सास वहीदा, जेठ सलाम, जेठानी गीता विश्वकर्मा उर्फ अहाना ने मिलकर दुबई में होटल खोलने के लिए 25 लाख रुपये दहेज लाने की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी ना होने पर ससुरालियों ने जेवा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

जिसके बाद पति जेबा को दुबई ले गया। जहां एक अन्य औरत से नाजायज संबंध की जानकारी पर जेबा ने विरोध किया तो सुलाल ने उसको बेरहमी से पीटा। जिसके बाद मायके में ही रहकर 13 मार्च 2020 को जेबा ने पुत्री को जन्म दिया। जिसकी जानकारी के बाद कानपुर पहुंचे पति ने होटल में रुक कर जेबा से मुलाकात की।

लेकिन जेबा को अपने साथ रखने से इंकार कर दिया। जिस पर जेबा ने कानपुर की फैमिली कोर्ट से अपने पति के खिलाफ गुजारे भत्ते की अपील दाखिल की। गत 23 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से जेबा को फोन कर सुलाल ने गाली गलौज करना शुरू कर दी। साथ ही फोन पर उसे तीन तलाक दे दिया। 

इस संबंध में रावतपुर इंस्पेक्टर नीरज ओझा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुस्लिम विवाह अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार