अयोध्या : कैटमरैन और जेटी बोट से निहार सकेंगे घाटों की सुंदरता
दिसंबर से दो चार बोट उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित, गुप्तारघाट से अयोध्या तक चलेगी
अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी को वैश्विक पर्यटन नगरी के लिहाज से संवारने को सरकार ने पूरी ताकत झोंक रखी है। अभी दीपोत्सव में सरयू में क्रूज के संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ ही था कि अब चार और हाईटेक बोट अयोध्या में उतारने की योजना बनाई जा रही है। अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो इनका दिसंबर से संचालन शुरू हो जाएगा।
भारतीय अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (पत्तन, पोत परिवहन जलमार्ग मंत्रालय) के अध्यक्ष संजय बन्दोपाध्याय शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे थे। आयुक्त सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बताया कि अयोध्या में गुप्तारघाट से अयोध्या तक श्रद्वालुओं को जलमार्ग के माध्यम से आनंदित करने और घाटों की मनोरम छवि के अवलोकन के लिए दिसम्बर तक दो हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कैटमरैन बोट और दो जेटी बोट उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। इन बोटों के चार्जिंग स्टेशन घाट के समीप बनाने के लिए जमीन और विद्युत की आवश्यकता होगी, जिसके लिए अभी से तैयारियां पूर्ण कर ली जाए।
बैठक में मंडलायुक्त गौरव दयाल ने घाटों के समीप जगह जगह पर नदी के छिछले होने के कारण खुदाई के सम्बंध में ध्यान आकृष्ट कराया, जिस पर उन्होंने सर्वे कराकर आवश्यकतानुसार कार्रवाई किये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी नितीश कुमार, प्राधिकरण उपाध्यक्ष विशाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : पीसीएस ज्योति मौर्या की डायरी से खुलेगा 33 करोड़ का राज
