रायबरेली : बिना मीटर के बिल भेजने पर राज्यमंत्री ने लगाई फटकार
रायबरेली, अमृत विचार। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा निर्देश पर प्रदेश के उद्यान राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार)दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में विद्युत उपभोक्ता एवं जन प्रतिनिधि संपर्क अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बिना मीटर के बिल भेजने की शिकायत आने पर मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई।
उद्यान राज्य मंत्री ने विद्युत विभाग से जुड़ी जन समस्याओं की सुनवाई के दौरान कई फरियादियों द्वारा शिकायत की गई कि विद्युत विभाग द्वारा घरों में न तो बिजली का कनेक्शन व मीटर आदि न होने पर भी विद्युत विभाग द्वारा बिजली का बिल भेजने एवं परिवर्तन टीम द्वारा जुर्माना आदि लगा दिया गया है। जिस पर मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी फाटकार लगाते हुए निर्देश दिये कि जिन लोगों के इस प्रकार का प्रकरण सहित अन्य प्राप्त विद्युत संबंधित जनसमस्याओं का नियमानुसार कार्यवाही करते हुए तत्काल निराकरण किया जाए।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि हर माह बिजली का बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध भी परिवर्तन दल द्वारा पिछले साल का जुर्माना लिख दिया जाता है इस प्रकार की समस्याओं का नियमानुसार कार्रवाई करते हुए त्वरित निस्तारण की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी उपभोक्ताओं के गलत ढंग से जुर्माना आदि न लगाया जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि जनपद में जिन क्षेत्रों में कम विद्युत क्षमता वाले ट्रान्सफार्मर है। उनकी विद्युत क्षमता में वृद्धि की जाए जिससे उपभोक्ताओं को ट्रीपिंग व कम वोल्टेज आदि की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
इस दौरान सलोन विधायक अशोक कुमार ने भी विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि जनपद के दूर दराज नई पुरवा है वहां के लोगों को भी बिजली के नियमानुसार कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -रायबरेली : फ्लाईओवर निर्माण को लेकर रूट डायवर्जन से बढ़ी समस्या - NHAI नहीं दे रहा ध्यान
