Bareilly: चौधरी तालाब रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास का रास्ता साफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रेल प्रशासन ने निविदाएं कीं आमंत्रित, एक साल में बनकर होगा तैयार

फोटो- चौधरी तालाब स्थित बंद रेलवे क्रासिंग।

बरेली, अमृत विचार। सिटी श्मशान भूमि के बाद अब चौधरी तालाब यानी हार्टमन रेलवे क्राॅसिंग पर भी अंडरपास बनाने के लिए बजट मंजूर हो गया है। रेलवे ने निविदाएं आमंत्रित की हैं। एक साल के अंदर यह अंडरपास बनकर तैयार हो जाएगा। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस क्राॅसिंग पर अंडरपास बनाने की मांग कर रहे थे।

करीब 12 साल पहले ओवरब्रिज बनने पर रेलवे ने चौधरी तालाब क्राॅसिंग को बंद कर दिया था। इसे लेकर रेल प्रशासन को काफी विरोध भी झेलना पड़ा था। क्राॅसिंग के एक तरफ बानखाना, गुलाबराय, कोहाड़ापीर, सुर्खा, चौधरी तालाब तो दूसरी तरफ हार्टमन, सिद्धार्थनगर, अशरफ खां छावनी, शास्त्रीनगर, न्यू आजादपुरम, गांधीपुरम, बड़ा बाग जैसे इलाके एक-दूसरे से कट गए हैं।

यहां के लोगों को दूसरी तरफ जाने के लिए लंबा चक्कर काटना पड़ता है या फिर जान जोखिम में डालकर पटरी पार करते हैं। पिछले बृहस्पतिवार को एक महिला को रेलवे लाइन पार करते समय अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इस पर लोग लंबे समय से रेल अफसर और जनप्रतिनिधियों से अंडरपास बनाने की मांग कर रहे थे।

तीन करोड़ की लागत हो निर्माण
अंडरपास बनाने के लिए रेलवे बोर्ड से करीब 3 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि एक साल में अंडरपास बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। जल्द काम शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।

चौधरी तालाब रेलवे क्राॅसिंग पर अंडरपास बनाने के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। एक साल में अंडरपास बनकर तैयार होगा। जिससे लोगों को राहत मिल सकेगी--- रेखा यादव, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर।

यह भी पढ़ें- Bareilly: इज्जतनगर मंडल के तीन स्टेशनों का प्रधानमंत्री करेंगे शिलान्यास

संबंधित समाचार