Kanpur News: PM Modi कल ऑनलाइन करेंगे शिलान्यास, RPF की आने-जाने वालों पर नजर, यात्रियों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
कानपुर सेंट्रल पर छह को रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।
कानपुर सेंट्रल पर छह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। एडीआरएम ने तैयारियों का निरीक्षण किया।
कानपुर, अमृत विचार। छह को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। सिटी साइड में होने वाले कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। कार्यक्रम से 24 घंटे पहले से ही आरपीएफ के गुप्तचर हर आने-जाने वाले पर नजर रखेंगे। शुक्रवार को एडीआरएम ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय राय ने सेंट्रल स्टेशन के सिटी साइड की ओर होने वाले कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह और एसीएम संतोष त्रिपाठी भी मौजूद रहे। उन्हें जानकारी दी गई कि कार्यक्रम में पांच हजार अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
निरीक्षण में आरपीएफ प्रभारी बीपी सिंह ने एडीआरएम को जानकारी दी कि कार्यक्रम के दिन सिटी साइड का गेट नंबर एक का कुछ हिस्सा सिर्फ समारोह में आने वालों के लिए ही होगा। सुरक्षा के लिए आरपीफ के 70 अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।
इसी तरह जीआरपी के 50 जवान और सिविल पुलिस के अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। कार्यक्रम के दिन यात्रियों को गेट नंबर दो से प्रवेश करना होगा। चौबीस घंटे पहले से ही आरपीएफ के सादी वर्दी में जवान गुप्तचर के रूप में सेंट्रल की निगरानी शुरू करेंगे।
सेंट्रल पर यह होंगे कार्य
कानपुर सेंट्रल पर पुनर्विकास योजना के तहत 806 करोड़ रुपये से कार्य होंगे। इनमें आधुनिक लिफ्ट और एस्केलेटर, सिटी साइड की ओर थ्री स्टार होटल, रिटायरिंग रूम के साथ ही मुसाफिर घर, अंडरग्राउंड पार्किंग,प्रवेश-निकासी के अलग-अलग रास्ते, सिटी और कैंट साइड पोर्टिको तक वाहनों से सीधे प्रवेश, फुटओवर ब्रिज का कॉनकोर,ट्रेन एनाउंसमेंट पर इंट्री सहित अन्य सुविधाएं।
पनकीधाम में यह होंगे कार्य
पनकीधाम रेलवे स्टेशन पर 30 करोड़ रुपये से नया पैदल यात्री पुल, प्लेटफार्मों का चौड़ीकरण, खानपान स्टाल, वेटिंग और रिटायरिंग रूम। प्रशासनिक भवन और अन्य कार्य ।
गोविंदपुरी में यह होंगे कार्य
30 करोड़ रुपये से गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर 26 कोचों के बराबर तीनों ट्रैक की लंबाई, खानपान स्टॉल, रिजर्व और जनरल टिकट काउंटर, महिला प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम।
