Farrukhabad News : प्रयागराज के लिए चल पड़ी कालिंदी एक्सप्रेस, भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने झंडी दिखा किया रवाना
फर्रुखाबाद से प्रयागराज के लिए चल पड़ी कालिंदी एक्सप्रेस।
फर्रुखाबाद से प्रयागराज के लिए कालिंदी एक्सप्रेस चल पड़ी। दुल्हन की तरह सजी इस ट्रेन को भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने झंडी दिखा कर रवाना किया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने शनिवार को झंडी दिखाकर प्रयागराज के लिए कालिंदी एक्सप्रेस को रवाना किया। नए रुट पर जाने के लिए कालिंदी एक्सप्रेस के इंजन को दुल्हन की तरह सजाया गया। सांसद मुकेश राजपूत ने सुबह 6.05 हरी झंडी दिखाई। कालिंदी एक्सप्रेस के रवाना होते ही भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने मोदी जिंदाबाद, योगी जिंदाबाद एवं मुकेश राजपूत जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, सांसद के भतीजे राहुल राजपूत, महेंद्र कटियार, राजकुमार वर्मा आढती, सभासद विश्वनाथ राजपूत, अतुल शंकर दुबे, अनिल कुमार तिवारी, सभासद पति उमेश पूर्व सभासद पुरषोत्तम वर्मा, भप्पू सोनी एवं रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। मालूम हो कि कालिदी एक्सप्रेस 9.35 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन एवं 12.05 बजे प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
यही ट्रेन शाम 3.50 बजे प्रयागराज से रवाना होगी जो 6.10 बजे कानपुर सेंट्रल से चलकर 7.45 बजे फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंचेगी। फर्रुखाबाद से कालिंदी एक्सप्रेस का समय 6 बजे है। आज पहले दिन ही ट्रेन 5 मिनट विलंब से रवाना हुई। प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन चलने के कारण जनपद वासियों को काफी सुविधा मिलेगी।
कानपुर में ट्रेन बदलने में काफी परेशानी होती थी। अब कन्नौज,बिल्हौर औऱ फर्रुखाबाद के लोगों को उच्च न्यायालय प्रयाग राज तथा त्रिवेणी स्नान करने के लिए कानपुर ट्रेन का इंतजार नहीं करना होगा।वह बिना ट्रेन बदले प्रयाग राज आ जा सकते हैं।
