बरेली: जोगीनवादा में अघोषित कर्फ्यू, जर्सी बैरियर लगा बंद कीं 10 गलियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

यात्रा का आवेदन निरस्त होने पर कांवड़ियों में है आक्रोश

फोटो- जोगी नवादा में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पैरामिलिट्री फोर्स को तैनात।

बरेली, अमृत विचार। एक बार फिर से रविवार को खुराफात की आशंका के चलते पुलिस-प्रशासन ने जोगीनवादा में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर छावनी में तब्दील कर दिया है। यहां अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल हो गया है। शनिवार को मुख्य प्रवेश रास्ते के साथ गलियों को जर्सी बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया है। अब यहां कोई भी किसी भी हाल में लोग चार पहिया वाहन और बाइकों से आ-जा नहीं सकेंगे।

पुलिस को अंदेशा है कि रविवार को खुराफाती हंगामा करा सकते हैं। बैरियर इसलिए लगाए गए हैं ताकि बाहर से लोग न पहुंच सकें। पुलिस बाहर से आने वाले लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं कांवड़ यात्रा निकालने का आवेदन के निरस्त होने के बाद कांवड़ियों में आक्रोश है। वहीं पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह से मन बना लिया है कि किसी भी सूरत में नए रूट से कांवड़ यात्रा नहीं निकलेगी।

बाहर से आए एक दर्जन से अधिक लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस ने शनिवार को जोगीनवादा में बाहर से आने वाले दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। जिन्हें थाने लाकर कड़ी पूछताछ की। हालांकि सभी को देर रात कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया। पुलिस बाहर से आने वाले सभी लोगों को रविवार को बाहर ही हिरासत में लेगी।

दूसरे जगह के लोगों को सोमवार तक आने पर रोक
पुलिस ने सोमवार तक दूसरे जगह से जोगीनवादा में आने वाले लोगों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। अगर कोई बाहर से आएगा भी तो पुलिस उससे जर्सी बैरियर लगे प्वाइंट पर ही हिरासत में ले लेगी। कड़ी पूछताछ के बाद अगर कोई इमरजेंसी के अलावा कुछ और बताता है तो उसे थाने भेजेगी। इस दौरान जोगीनवादा के सभी प्वाइंटों पर पुलिस सभी की वीडियो रिकार्डिंग के साथ ही उसकी पूरी डिटेल नोट करेगी।

अधिकारी समेत एक हजार सुरक्षाकर्मी तैनात, हर किसी पर नजर
पुलिस-प्रशासन की सक्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जोगीनवादा में अधिकारियों समेत कुल एक हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जो जोगीनवादा के एक एक आदमी पर खास नजर बनाए हुए हैं। साथ ही रेंज से बुलाए गए दो एएसपी और चार सीओ की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा दो-दो कंपनी पीएसी और आरएएफ की अतिरिक्त लगाई गई हैं।

एसपी सिटी राहुल भाटी ने जोगी नवादा में किया भ्रमण
जोगीनवादा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी सिटी राहुल भाटी ने कई बार निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी सिटी ने वहां पर तैनात अधिकारियों समेत अन्य सुरक्षा कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। एसपी सिटी ने अपने सामने ही मुख्य प्रवेश रास्ते और गलियों में जर्सी बैरियर से बैरीकेडिंग भी कराई।

घर से निकलने पर भी पुलिस कसेगी शिकंजा
कांवड़ यात्रा निकलने को लेकर पुलिस प्रशासन के अफसरों ने साफ इनकार कर दिया है। पुलिस-प्रशासन यहां रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की डिटेल जुटा रहा है कि उसके हर घर में कितने लोग रह रहे है। उनकी उम्र क्या है क्या काम करते हैं, उनके मोबाइल नंबर क्या हैं।

संदिग्धों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। पुलिस घर से निकलने वालों पर सख्ती करेगी। इस दौरान एडीजी पीसी मीना, आईजी राकेश कुमार, डीएम शिवाकांत द्विवेदी, एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी सिटी राहुल भाटी समेत आला अधिकारी मौजूद रहेंगे।

लाठीचार्ज में घायल हुई महिला का कांवड़ यात्रा में शामिल होने से इनकार
जोगी नवादा बवाल में लाठीचार्ज में गीता श्रीवास्तव घायल हो गई थीं। उनका हाथ टूट गया और शरीर में तमाम जगह चोट आईं थीं। अस्पताल से घर पहुंची गीता ने मीडिया को बताया कि वह इतनी डरी हुई हैं कि कांवड़ यात्रा में शामिल नहीं होंगी। पुलिस बार-बार दबिश दे रही है। उन्हें अपने इकलौते बेटे को लेकर काफी चिंता है। वह अपने बेटे को डर के कारण बाहर निकलने नहीं दे रही हैं।

पुलिस-प्रशासन की तैयारी पूरी है। जोगी नवादा में एक हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही मुख्य रास्ते से लेकर गलियों को जर्सी बैरियर से बंदर कर दिया गया है। बाहर से आने वाले लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। किसी तरह की खुराफात करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा---राहुल भाटी, एसपी सिटी।

यह भी पढ़ें- बरेली: बदायूं रोड पर आर्किटेक्ट ही बनवा रहे थे अवैध कॉलोनी, बीडीए ने किया ध्वस्त

संबंधित समाचार