बरेली: यात्रियों को झटका, सिटी बसों का फिर से बढ़ाया किराया
आज से सभी रूट पर यात्रियों से वसूले जाएंगे बढ़े हुए पैसे
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत शहर और देहात में संचालित सिटी बसों का किराया एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। रविवार से सभी रूट पर बढ़े हुए पैसे वसूले जाएंगे। अब सिटी बस में यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट पर दो से पांच रुपये अधिक खर्च करने होंगे।
स्मार्ट सिटी के तहत दिसंबर 2021 में 15 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। शहर में सवारियां नहीं मिलने पर देहात के रूट पर भी इन बसों का संचालन किया गया। फरीदपुर रूट पर 14 बसें चलाई गईं। जनवरी में 10 सिटी बसें और मिल गईं, लेकिन बसें फरीदपुर रूट पर दौड़ती रहीं। बाद में सभी 24 बसों को शहर में दौड़ाया गया, लेकिन यहां सवारी नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्र में भी सिटी बसों का संचालन कर राउंड आफ के तहत किराया घटा दिया, लेकिन अब फिर से बसों का किराया बढ़ा दिया गया है।
नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से शहरी क्षेत्र में चलने वाली ई-बसों में किराये की नई दर छह अगस्त यानी रविवार से लागू होगी। जनवरी के बाद अगस्त में किराये में वृद्धि की गई है। ई-बसों में सफर करने पर न्यूनतम 12 और अधिकतम 55 रुपये अब खर्च करने पड़ेंगे। इस किराये में जीएसटी और एक्सीडेंट फंड को दूरी के अनुसार बढ़ाया गया है। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि बढ़ा हुआ किराया रविवार से लागू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: बदायूं रोड पर आर्किटेक्ट ही बनवा रहे थे अवैध कॉलोनी, बीडीए ने किया ध्वस्त
