Kanpur में अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल बोली- सही समय पर सीटों के बंटवारे पर होगी चर्चा, कहीं ये बात
कानपुर के किदवई नगर में अपना दल (एस) का जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम।
कानपुर के किदवई नगर में अपना दल (एस) का जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सही समय पर सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी।
कानपुर, अमृत विचार। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रमुख घटक अपना दल (एस) ने लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर चुप्पी तोड़ी है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यूपी में सीटों की चर्चा अभी नहीं हुई है। अभी हम चुनाव को लेकर अपने संगठन को मजबूत करने में लगे हैं। सही समय आने पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक कर सीटों के बंटवारे पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि अभी किस सीट पर चुनाव लड़ा जाए और कितनी सीटें मांगी जाए, यह बात करना बेईमानी होगी।
अपना दल (एस) ने शनिवार को किदवई नगर के ब्लॉक स्थित एक गेस्ट हाउस में जिला स्तरीय कार्यकर्ता समागम आयोजित किया। कानपुर मंडल की ओर से आयोजित समागम में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ मंडल के छह जिलों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ उनके पति कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल पहुंचे, जिनका पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को धार देने के लिए जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कानपुर में यह पहला सम्मेलन है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए हैं। अनुप्रिया ने कहा कि पिछले चार चुनावों से हम भाजपा के साथ मिलकर लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में इस गठबंधन ने चुनावी जीत में इतिहास रच दिया है।
2024 का लोकसभा चुनाव पांचवां होगा, जिसमें भाजपा और अपना दल (एस) मिलकर एक साथ लड़ेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में हम एनडीए गठबंधन को पहले की तरह ही और मजबूत करेंगे। इस मौके पर प्रदेश सचिव संजय सिंह पगार, जिलाध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव मुकेश पटेल आदि रहे।
‘मंत्री जी…अनुप्रिया जी… बस बहुत हो गया’
कार्यकर्ता समागम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को उनके पति एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री आशीष पटेल ने बोलने से रोक दिया। पत्रकारों ने अनुप्रिया पटेल से जब ज्ञानवापी मामले पर सवाल किया तो आशीष पटेल ने माइक पकड़ा और बोले, बहुत हुआ ज्ञानवापी, हमारी पार्टी अच्छी राय रखती है। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा कि ‘मंत्री जी…अनुप्रिया जी… बस बहुत हो गया’। पति के व्यवहार को देखकर अनुप्रिया भी सकते में आ गईं और बोलना बंद कर दिया। आशीष पटेल यहीं नहीं रुके, उन्होंने मंच का संचालन कर रहे पदाधिकारी की भी क्लास लगाई। उन्होंने समागम में कई बार मंच से कार्यकर्ताओं को हड़काया।
विपक्ष हमेशा चर्चा करने से भागता है
इससे पहले अनुप्रिया पटेल सर्किट हाउस पहुंची। यहां उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष की मंशा स्पष्ट नहीं है, वह चर्चा से हमेशा भागते हैं। सरकार हर मामले पर बहस करना चाहती है। इससे विपक्ष का जो दोहरा चेहरा है, वह जनता के सामने आ रहा है। राहुल को न्यायालय से राहत पर उन्होंने कहा कि न्यायालय ने ही राहुल को सजा दी थी, और न्यायालय ने ही रोक लगाई है। हम सब न्यायिक प्रक्रिया के साथ हैं और फैसले का सम्मान करते हैं।
आशीष पटेल ने मंच से बांटे कार्य
- 75 जिलों में आयोजित होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
- लखनऊ में तीन दिवसीय पदाधिकारियों का प्रशिक्षण
- सितंबर से जिला स्तर पर होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
- 15 अगस्त तक जिला कार्यकारिणी घोषित करनी होगी
- प्रदेश पदाधिकारी जोनवार दौरा कर बूथ का गठन करेंगे
